क्या आपको पता है कि ग्रिल्स ने प्रधानमंत्री मोदी की हिंदी को कैसे समझा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रविवार को मन की बात (Mann Ki Baat) में एक सवाल के जवाब में कहा कि मैन वर्सेज वाइल्ड (Man vs wild) के कई दर्शक पूछ रहे हैं कैसे उन्होंने और बियर ग्रिल्स ने अलग-अलग भाषाओं में बोलने के बावजूद सहजता से एक दूसरे की बात समझ ली | प्रधानमंत्री ने कहा कि बहुत सारे लोग जानना चाहते थे कि ग्रिल्स ने मेरी हिंदी को कैसे समझा | लोगों ने पूछा कि क्या इसे कई बार एडिट या शूट किया गया? तकनीक ने मेरे और उसके बीच पुल का काम किया | पीएम मोदी ने कहा - इसके पीछे कोई रहस्य नहीं है | ग्रिल्स के साथ मेरी बातचीत में तकनीक का उपयोग किया गया था | जब भी मैं कुछ कहता, कुछ ही पल के भीतर इसका अंग्रेजी में अनुवाद हो जाता | अनुवाद उनके कान में एक छोटे से उपकरण के जरिए सुनाई देता | इससे हमारी बातचीत आसान हो गई |
रविवार को मन की बात में मोदी ने एक बार प्रयोग होने वाले प्लास्टिक के खिलाफ दो अक्टूबर से एक 'नया जन-आंदोलन’ शुरू करने का रविवार को आह्वान किया | मोदी ने रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक संबोधन ‘मन की बात’ में कहा कि जब देश राष्ट्रपिता की 150वीं जयंती मना रहा है, तब ऐसे में ' हम प्लास्टिक के खिलाफ एक नया जन-आंदोलन आरंभ करेंगे | उन्होंने पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रह एवं भंडारण और निपटारे के प्रयासों का आह्वान किया | मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी अपने संबोधन में नागरिकों से अपील की थी कि वे एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें | उन्होंने सुझाव दिया था कि दुकानदार उपभोक्ताओं को पर्यावरण के अनुकूल थैले मुहैया कराएं | उन्होंने ‘मन की बात’ में भी एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील की जिसे पर्यावरण संरक्षण के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है |























