पी.चिदंबरम CBI कोर्ट में किये गये पेश, CBI ने मांगी 5 दिन की हिरासत
INX आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार पूर्व वित्तमंत्री पी.चिदंबरम पर जांच में सहयोग न करने का आरोप लगा है। सीबीआई के सूत्रों के अनुसार, पी. चिदंबरम सीबीआई को न ही इस केस के बाबत कोई जानकारी दे रहे हैं और न ही सीबीआई द्वारा पूछे गए अधिकतर सवालों का जवाब दे रहे हैं। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम को राऊज एवेन्यू की विशेष अदालत में पेश किया है। सीबीआइ का पक्ष रखते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने चिदंबरम की पांच दिन की हिरासत मांगी है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूर्व गृहमंत्री को बुधवार रात को गिरफ्तार किया था।
कपिल सिब्बल ने पी. चिदंबरम का पक्ष रखते हुए कहा कि 'इस मामले में कार्ति चिदंबरम आरोपी हैं जिन्हें दिल्ली हाईकोर्ट ने मार्च 2018 में नियमित जमानत दी थी। सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं दी गई है। अन्य आरोपियों को भी जमानत मिल चुकी है।' सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि 'यह मनी लॉन्ड्रिंग का अति महत्वपूर्ण केस है। सीबीआइ प्री चार्जशीट के चरण में है। चिदंबरम पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। चिदंबरम ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। चिदंबरम को हिरासत में लिए बिना मामले की मुकम्मल जांच संभव नहीं है। सीबीआइ की ओर से पक्ष रखते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से चिदंबरम की पांच दिन की रिमांड मांगी है। उन्होंने अपनी दलील में कहा कि चुप रहना व्यक्ति का सांविधानिक अधिकार है लेकिन जानबूझ कर चुप रहना गलत है। अब तक चिदंबरम चुप रहे हैं और सवालों को टाला है।'























