वॉर इस साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म
वॉर 2 अक्टूबर को देशभर में 4000 से अधिक स्क्रींस पर हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ की गयी थी। फ़िल्म ने 53.35 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली थी और हिंदी सिनेमा में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद फ़िल्म नेे एक के बाद एक कई रिकॉर्ड चकनाचूर करते हुए साल की सबसे बड़ी फ़िल्म बनने का सफ़र तय किया। रिलीज़ के 15 दिनों बाद भी वॉर सिनेमाघरों में मजबूती के साथ डटी हुई है। गुरुवार को 15वें दिन फ़िल्म ने 3.35 करोड़ का कारोबार किया है और इसके साथ वॉर का 15 दिनों का नेट बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 284.20 करोड़ हो गया है।
वॉर ने शाहिद कपूर की कबीर सिंह को पीछे छोड़ा है, जिसने 278 करोड़ का कलेक्शन किया था। ट्रेड एक्सपर्ट अब मानने लगे हैं कि फ़िल्म 300 करोड़ क्लब में तो हर हाल में दाख़िल हो जाएगी, जहां पहुंचने के लिए इसे सिर्फ़ 16.20 करोड़ ही चाहिए। आने वाले वीकेंड में यह राशि मिलने की पूरी सम्भावना है। वॉर 2019 की पहली फ़िल्म होगी, जो 300 करोड़ क्लब में पहुंचेगी। वैसे वॉर फ़िलहाल हिंदी सिनेमा की सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्मों में शामिल हो चुकी है। इस लिस्ट में फ़िल्म नौवें स्थान पर है। वॉर ने 100 करोड़ का कलेक्शन 3 दिनों में कर लिया था। फ़िल्म ने वर्ल्डवाइड भी अच्छा प्रदर्शन किया है। यशराज फ़िल्म्स द्वारा जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक वॉर ने 12 दिनों में ही 400 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था। वहीं, सिर्फ़ ओवरसीज़ की बात करें तो वॉर इस साल की सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म है। वॉर ने ओवरसीज़ में 80 करोड़ से अधिक कमाई की है।






















