वॉट्सऐप की ये मुफ्त सुविधा, कंपनियों को उनका कारोबार बढ़ाने में मदद करेगी
फेसबुक (facebook) के मालिकाना हक वाली मैसेजिंग सर्विस वाली कंपनी वॉट्सऐप (whatsapp) देश की 500 स्टार्टअप (indian startup companies) कंपनियों को फेसबुक पर 500 डॉलर (लगभग 35,840 रुपये) तक का विज्ञापन मुफ्त (free ads) में करने की सुविधा देगी | इसका मकसद घरेलू स्टार्टअप कंपनियों को उनका कारोबार बढ़ाने में मदद करना है | कंपनी ने बयान में बताया कि वह उद्योग संवर्द्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) से मान्यता प्राप्त 500 स्टार्टअप कंपनियों को यह सुविधा फेसबुक ऐड क्रेडिट के तौर पर देगी | ये कंपनियां अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए फेसबुक पर वॉट्सऐप से जुड़े विज्ञापन करने में इसका इस्तेमाल कर सकेंगी | इन विज्ञापनों पर क्लिक करते ही ग्राहक कंपनियों से सीधे वॉट्सऐप चैट पर संपर्क करने में सक्षम होंगे |
इससे पहले वॉट्सऐप ने ‘स्टार्टअप इंडिया-वॉट्सऐप ग्रैंड चैलेंज’ शुरू किया था | इसके तहत उसने भारतीय बाजार के हिसाब से सामाजिक-आर्थिक समाधान पेश करने वाले पांच उद्यमियों को 50-50 हजार डॉलर (करीब 35 लाख रुपये) का अनुदान दिया था | वॉट्सऐप इंडिया के प्रमुख अभिजीत बोस ने कहा कि स्टार्टअप और छोटे कारोबार इस देश के लोगों की जीवनरेखा हैं | साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था के शक्तिशाली संचालक भी | भारतीय उद्यमी सामाजिक और आर्थिक बदलाव लाने में हमेशा आगे रहे हैं | वॉट्सऐप में हम उनकी सफलता में उनकी मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं | बयान में कहा गया है कि इस पहल के तहत स्टार्टअप कंपनियों को यह सुविधा पहले आओ, पहले पाओ की नीति के आधार पर दी जाएगी |





