आज विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान आमने-सामने
पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया विश्व कप में शनिवार को ब्रिस्टल में अफगानिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी तो सभी की नजरें स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर लगी होंगी। ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाजों पर गेंद से छेड़खानी मामले में एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद से दोनों शानदार फॉर्म में हैं। विश्व कप से ठीक पहले इंडियन प्रीमियर लीग में वॉर्नर ने सर्वाधिक 692 रन बनाए जबकि स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में शतक जमाया। गत चैंपियन टीम के लिए पिछला साल उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन आरोन फिंच की अगुवाई में टीम सही समय पर फॉर्म में लौटी है। इस बार भी वह खिताब के प्रबल दावेदारों में से है। पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारत को 3-2 से हराने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने स्मिथ और वॉर्नर का बांहे खोलकर स्वागत किया। उन्हें हालांकि इंग्लैंड के प्रशंसकों की हूटिंग का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्व कप्तान स्मिथ को अभ्यास मैच के दौरान 'धोखेबाज' जैसे ताने सुनने पड़े थे। विश्व कप से दो महीने पहले अफगानिस्तान टीम का कप्तान बदला गया। असगर अफगान की जगह गुलबदीन नाएब को कप्तान बनाया गया, जिससे टीम के सीनियर खिलाड़ी खफा हो गए थे। अब हालांकि टीम का पूरा फोकस विश्व कप पर है। मुख्य चयनकर्ता दौलत खान अहमदजइ ने कहा, 'गुलबदीन ने कहा है कि वह विश्व कप में असगर के अनुभव का पूरा इस्तेमाल करेगा। अब टीम एकजुट है। इस तरह के बदलाव टीम में होते हैं।' अफगानिस्तान ने अभ्यास मैच में पाकिस्तान को हराकर अपने तेवर जाहिर कर दिए थे। अहमदजइ ने कहा - 2015 विश्व कप में टीम में राशिद और मुजीब नहीं थे, लेकिन इस बार हमारी टीम मजबूत है और हम उलटफेर जरूर करेंगे।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप टीम : एरोन फिंच (कप्तान), जेसन बेहरेनडॉर्फ, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), नाथन कोल्टर-नाइल, पैट कमिंस, उस्मान ख्वाजा, नाथन लियोन, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर और एडम जंपा।
अफगानिस्तान की विश्व कप की टीम: गुलबदीन नाएब (कप्तान), मोहम्मद शहजाद (विकेटकीपर), नूर अली जदरान, हजरातुल्लाह जजई, रहमत शाह, असगर अफगान, हशमतुल्लाह शाहीदी, नजिबुल्लाह जदरान, समीउल्लाह शिनवारी, मोहम्मद नबी, राशिद खान, दौलत जदरान, आफताब आलम, हामिद हसन और मुजीब उर रहमान।




