SA के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व टीम इंडिया से बड़ी खबर आई
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व टीम इंडिया से बड़ी खबर आई है | 2 अक्टूबर से विशाखापत्तनम में शुरू हो रहे सीरीज के पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया गया है | पहला टेस्ट खेलने वाली टीम से ऋषभ पंत की छुट्टी कर दी गई है | उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा को जगह दी गई है | इसके अलावा रविचंद्रन अश्विन की भी लंबे समय बाद वापसी हुई है | इन दोनों खिलाड़ियों के नाम का ऐलान खुद कप्तान विराट कोहली ने किया | ऋषभ पंत की जगह ऋद्धिमान साहा के नाम का ऐलान करते हुए टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि साहा की विकेटकीपिंग हर किसी ने देखी है | उन्हें जब भी मौके मिले हैं, उन्होंने टीम के लिए अच्छा खेल दिखाया है | यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वो चोट के चलते लंबे समय तक टीम से बाहर रहे | मेरे हिसाब से वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं | इन हालात में और उन्होंने टीम के लिए जो अब तक किया है, उसके लिहाज से साहा ही पहले टेस्ट में मैदान में उतरेंगे | ऋषभ पंत को लेकर पूछे गए सवाल पर विराट कोहली ने कहा कि पंत को जो भी मौके मिले हैं, उनमें उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है |
वहीं साहा विशुद्ध रूप से विकेटकीपर हैं | उन्होंने दबाव के पलों में हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है | मुझे लगता है कि साहा की वापसी के लिए यह बिल्कुल सही वक्त है | भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट विशाखापत्तनम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला पुणे और तीसरा व आखिरी मैच रांची में खेला जाएगा | टीम इंडिया में लंबे समय बाद स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की भी वापसी हुई है | उन्होंने अपना पिछला टेस्ट गत दिसंबर में एडीलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था | हाल ही में खत्म हुए काउंटी सीजन में नॉटिंघमशर की ओर से खेलते हुए भी अश्विन ने संतोषजनक प्रदर्शन किया था | इस दौरान उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी योगदान दिया | टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन- विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी |



