इस वजह से अजिंक्य रहाणे बेटी और पत्नी को देखने नहीं जा पाए थे
भारतीय टेस्ट टीम (Indian Test Team) के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) शनिवार को पिता बने थे | उनकी पत्नी राधिका धोपावकर (Radhika Dhopavkar) ने बेटी को जन्म दिया था लेकिन उस समय रहाणे भारतीय टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम टेस्ट (Visakhapatnam Test) में खेल रहे थे | इस वजह से वे बेटी और पत्नी को देखने नहीं जा पाए थे | लेकिन मैच पूरा होने के बाद वे मुंबई चले गए और बेटी को जाकर देखा | सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर पहली बार बेटी की तस्वीर पोस्ट की | इसमें उनके साथ पत्नी राधिका भी मौजूद थीं | कैप्शन के रूप में उन्होंने लिखा - हैलो लव | बता दें कि जुलाई 2019 में रहाणे ने राधिका के प्रेगनेंट होने का खुलासा किया था | दोनों ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर डाली थी जिसमें राधिका का बेबी बंप दिख रहा था |
अजिंक्य रहाणे ने फोटो डालकर लिखा - हैलो लव | रहाणे और राधिका ने 2014 में शादी की थी | दोनों बचपन के दोस्त थे और लंबे समय तक रिलेशन में रहे थे | राधिका से रहाणे की मुलाकात स्कूल में हुई थी और इसके बाद दोनों दोस्त बन गए | लंबे समय तक रिलेशन में रहने के बाद दोनों के माता-पिता मिले और शादी तय हो गई | रहाणे के पिता बनने की खबर सामने आने के बाद हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने टि्वटर के जरिए बधाई दी थी | उन्होंने लिखा था - नए-नए पिता बने अजिंक्य रहाणे को बधाई | उम्मीद करता हूं कि मां और छोटी सी राजकुमारी ठीक होंगे | जीवन का मजेदार हिस्सा अब शुरू होता है |



