भारतीय ओपनर मयंक अग्रवाल ने ठोका दोहरा शतक
भारतीय ओपनर मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ अपने पहले टेस्ट (First Test) मैच में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दोहरा शतक ठोक दिया है | उन्होंने भारतीय पारी के 116वें ओवर में यह उपलब्धि हासिल की | 200 रन तक पहुंचने के सफर में मयंक ने 22 चौके और 5 छक्के जड़े हैं | मयंक अग्रवाल का यह पांचवां टेस्ट है, लेकिन दिलचस्प बात है कि भारतीय जमीन पर वह अपना पहला ही टेस्ट मैच खेल रहे हैं | इससे पहले उन्होंने दो टेस्ट ऑस्ट्रेलिया (Australia) जबकि दो मुकाबले वेस्टइंडीज में खेले हैं | मयंक अग्रवाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बतौर ओपनर दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे एशियाई ओपनर हैं |
हालांकि ये और बात है कि ये कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी भी भारतीय हैं | मयंक से पहले टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था | मयंक अग्रवाल के नाम दो दोहरे शतक और एक तिहरा शतक दर्ज है | उन्होंने नवंबर 2017 में कर्नाटक के लिए महाराष्ट्र के खिलाफ नाबाद 304 रन बनाए थे | इसके बाद उन्होंने अगस्त 2018 में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ इंडिया ए के लिए 220 रन बनाए | और अब फिर उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के लिए दोहरा शतक जड़ दिया है |
मयंक अग्रवाल ने भारत में जो चार शतक लगाए हैं, उनमें सभी में बड़ी पारियां खेली हैं | पिछले चार शतकों में उन्होंने नाबाद 201 (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ), 220, 176 और 161 रन बनाए हैं | मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने पिछले साल अपना टेस्ट डेब्यू किया था | तब उन्हें ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टीम में चुना गया था | ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मयंक ने दो मैचों में 65 की औसत से 195 रन बनाए |



