पाकिस्तान की टीम ने मजबूत मानी जा रही इंग्लैंड की टीम को शिकस्त दी
पाकिस्तान की टीम ने सबको चौंकाते हुए मजबूत मानी जा रही इंग्लैंड की टीम को शिकस्त दी है | आईसीसी विश्व कप 2019 के अपने दूसरे मैच में सोमवार को मेजबान इंग्लैंड को 14 रनों से मात दे उलटफेर करने वाली पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद हफीज ने कहा है कि पहले मैच में वेस्टइंडीज से मिली करारी हार के बाद भी टीम के हर खिलाड़ी को विश्वास था कि वह जीत सकते हैं | पाकिस्तान को पहले मैच में वेस्टइंडीज ने सिर्फ 105 रन ही बनाने दिए थे लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान ने 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 348 रनों का विशाल स्कोर बोर्ड पर टांगा |

हफीज ने इस मैच में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 84 रन बनाए | उन्होंने इस दौरान 62 गेंदें खेली जिन पर आठ चौके और दो छक्के मारे | इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया | मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में हफीज ने कहा - हमारी टीम का हर खिलाड़ी जानता था कि हम जीत सकते हैं | हम काफी खुश हैं | इस जीत में हर किसी ने अपना योगदान दिया है | ईमानदारी से कहूं तो हमें अपने ऊपर पूरा आत्मविश्वास था | हमने जो बैठक की थी वो भी काफी अच्छी रही थी | हमें बस एक विजयी परफॉर्मेस की जरूरत थी | यह पूरी टीम का प्रयास था | अपने खेल के बारे में हफीज ने कहा - मैं बस अपने नैचुरल शॉट्स खेलने की कोशिश कर रहा था | कई बार आपको सोच समझकर रिस्क लेना होता है और आज इस चीज ने मेरे पक्ष में काम किया | टीम के कप्तान सरफाज अहमद ने भी कहा कि यह टीम का मिलाजुला प्रयास था जो सफल रहा |




