क्या मौसम बन सकता है रूकावट आज इंडिया बनाम पाकिस्तान मैच में, जानिए
ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का सबसे बड़ा मैच इंडिया बनाम पाकिस्तान आज यानी 16 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड ग्राउंड पर मैच खेला जाएगा | इस मैच के शुरू होने से पहले दोनों टीमों और करोड़ों क्रिकेट फैंस के लिए इंग्लैंड का मौसम चिंता का कारण बना हुआ है | इस साल इंग्लैंड में खेले जा रहे आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में बारिश ने टीमों की नींद उड़ा रखी है | टूर्नामेंट के चार मैच बारिश के चलते रद्द हो चुके हैं और अभी आधा सफर भी पूरा नहीं हुआ है | टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैच यानी भारत पाकिस्तान के मुकाबले पर भी बारिश का साया है, क्योंकि मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में होने वाले इस मैच में बारिश होने की भारी आशंका है | मौसम विभाग के मुताबिक, 63% आशंका है कि यहां दिन भर रुक-रुककर बारिश हो सकती है | मैच से एक दिन पहले शनिवार को दोपहर में बारिश नहीं हुई, हालांकि बादल छाए रहे | वहीं पिछले दिनों में हुई बारिश की वजह से मैदान काफी गीला है |
ग्राउंड स्टाफ मौका मिलने पर मैदान को खेल के लायक बनाने में जुट जाता है, लेकिन बादलों की वजह से धूप नहीं मिल पा रही है | ऐसे में पानी को सुखाने में मशीनों व कृत्रिम उपायों का सहारा लिया जा रहा है | बताया जा रहा है कि कई जगहों पर तो तेज रोशनी के जरिए मैदान के गीले हिस्सों को सुखाने की कोशिश की जा रही है | इसके लिए कई सारी हैलोजन लाइट का इस्तेमाल भी किया जा रहा है | ब्रिटिश मौसम विभाग के अनुसार, रविवार का मैच के दौरान दो मौकों पर बारिश कर संभावना 50 प्रतिशत से ज्यादा है | दोपहर में 12 से 1 बजे और शाम को 5 से 7 बजे के करीब बारिश की संभावना 50 प्रतिशत से ज्यादा है |
लगातार हो रही बारिश के चलते शनिवार को पाकिस्तान व भारत के खिलाड़ी थोड़े से समय के लिए ही मैदान में अभ्यास कर सके | उन्हें इनडोर प्रैक्टिस के जरिए ही काम चलाना पड़ा | दिलचस्प बात है कि लगातार बारिश के बीच पूरे मैदान को कवर नहीं किया जा रहा है | अगर ऐसा किया जाए तो मैच होने की संभावना बढ़ जाती है, क्योंकि आउटफील्ड ज्यादा गीला नहीं होता है | बारिश के चलते श्रीलंका के सबसे ज्यादा दो मैच रद्द हुए हैं | केवल इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया की टीमें ही ऐसी हैं जिन्हें बारिश के चलते मैच नहीं गंवाना पड़ा है |



