बाढ़ राहत के नाम पर दिया विवादित बयान
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा (B S Yediyurappa) ने बाढ़ राहत के नाम पर एक विवादित बयान दिया है | अंग्रेज़ी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक येडियुरप्पा ने बुधवार को ये प्रस्ताव उद्योगपतियों और कॉरपोर्टे जगत के लोगों के साथ बैठक में कही | येडियुरप्पा ने कहा - बाढ़ से प्रभावित गांव में जो भी लोग 10 करोड़ रुपये से ज्यादा दान करेंगे उनके नाम पर गांव का नाम रख दिया जाएगा | जिन गांव को इससे फायदा होगा उसके लिए ये माना जाएगा कि उसे दान देने वाले ने गोद ले लिया है |
जेडीएस ने येडियुरप्पा के बयान को तुगलकी फरमान करार दिया है | एक बयान जारी करते हुए जेडीएस ने कहा - उनके इस तरह के ऑफर से सरकार उस गांव की पहचान को खत्म कर देगी | पहले ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों ने सब कुछ खो दिया है | कर्नाटक को मत बेचिए | येडियुरप्पा ने इससे पहले भी विवादित बयान दिया था | उन्होंने अधिकारियों के साथ एक बैठक में कहा था कि उनके पास नोट छापने की कोई मशीन नहीं है | कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनके इस बयान की आलोचना करते हुए कहा था कि सरकार के पास एमएलए को फंड देने के लिए पैसे हैं लेकिन बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए नहीं | कर्नाटक में भारी बारिश के चलते 17 ज़िले बाढ़ से प्रभावित हैं | अब तक बाढ़ के चलते यहां 61 लोगों की मौत हो गई है |



