ब्रिटिश काउंसिल इंडिया के तहत अंडरग्रेजुएट स्टूडेंट्स को भारत आने का मौका
अगर विदेश में पढ़ाई करने की बात हो तो ब्रिटेन भारतीय छात्रों की पहली पसंद रहा है | छात्र यहां जाकर पढ़ना पसंद करते हैं लेकिन अब जल्द ही ये तस्वीर बदलने वाली है | अब भारतीय छात्र नहीं बल्कि ब्रिटेन के छात्र भारत आ रहे हैं | जी हां इन स्टूडेंट्स को उनकी पढ़ाई के दौरान भारत भेजने के लिए भारत-ब्रिटेन द्वि-पक्षीय पायलट प्रोजेक्ट योजना शुरू की गई है | इस योजना के तहत यूके इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश काउंसिल इंडिया के तहत अंडरग्रेजुएट स्टूडेंट्स को भारत आने का मौका दिया जाएगा | इस योजना के तहत चुने गए 200 छात्रों को मार्च 2021 तक ये अवसर दिया जाएगा |
वहीं इस बारे में ब्रिटेन के विश्वविद्यालय मंत्री क्रिस स्किदमोर ने कहा कि यह मौका केवल कमजोर तबके के स्टूडेंट्स के लिए होगा | उन्हें भारत आकर यहां की समृद्ध सांस्कृतिक और शैक्षणिक अनुभवों के बीच पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का मौका मिलेगा | ऐसा माहौल हमारे अपने वैश्विक नागरिकों को विकसित करने में भी मदद करेगा | उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि जिन छात्रों को अपनी शिक्षा के हिस्से के रूप में एक अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिला है, उनके पास अपने विषय का एक व्यापक, अधिक वैश्विक परिप्रेक्ष्य है जो उनके आगे की जिंदगी में बहुत काम आता है | इसलिए ये कदम उठाया गया है |



