राहुल गांधी ने पाकिस्तान को फटकार लगाई और कहा ये....
कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने जम्मू-कश्मीर के ताज़ा हालात को लेकर अपने बयान का इस्तेमाल करने पर पाकिस्तान (Pakistan) को फटकार लगाई है | राहुल ने कहा है कि पाकिस्तान को कश्मीर (Kashmir) में दखल देने का कोई हक नहीं है | बता दें पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र (United Nations) को एक चिट्ठी लिखी जिसमें उनके एक बयान का हवाला देते हुए कहा था कि राहुल गांधी ने भी माना है कि कश्मीर में लोग मर रहे हैं | पाकिस्तान के इस कदम के बाद राहुल ने बुधवार को कहा कि मैं इस सरकार से कई मुद्दों पर असहमत हूं, लेकिन मैं यह पूरी तरह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि कश्मीर भारत का आंतरिक मुद्दा है और इसमें पाकिस्तान या किसी अन्य विदेशी देश की ओर से हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है | राहुल ने कहा कि 'जम्मू-कश्मीर में हिंसा हुई है, क्योंकि पाकिस्तान वहां लोगों को उकसा रहा और हिंसा फैला रहा है | पाकिस्तान को दुनिया भर में आतंकवाद का प्रमुख समर्थक माना जाता है | पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र (United Nations) को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें भारत पर कश्मीर (Kashmir) में हिंसा और मानवाधिकार उल्लंघन जैसे आरोप लगाए गए हैं | पाकिस्तान ने इस ख़त में इन दावों के सोर्स के रूप में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का नाम भी लिखा है | ख़त में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP चीफ महबूबा मुफ़्ती समेत नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला का नाम भी शामिल है |
पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने की लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन दुनिया के तमाम देशों से उसे मुंह की खानी पड़ रही है | G7 समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान के साथ उनके सभी मुद्दे द्विपक्षीय हैं और किसी तीसरे देश को इसमें हस्तक्षेप करने की ज़रूरत नहीं है |



