कैसरबाग में लगी भीषण आग
राजधानी के कैसरबाग इलाके में करीब दो बजे अचानक आग की चिंगारी दिखी फर्नीचर का एक गोदाम धूं-धूं कर जलने लगा। भीषण आग में लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। कैसरबाग थाना अंतर्गत बीएन रोड स्थित आवासीय कालोनी में मां दुर्गा फर्नीचर गोदाम है। इसमें लकड़ी (सोफा, कुर्सी, मेज आदि) का काम होता है। प्रतिदिन की तरह सभी कर्मचारी आज भी अपने काम में मशगूल थे। तभी अचानक एक कर्मचारी को धुंआ उठता दिखाई दिया और वह चिल्लाने लगा। वहीं सभी कर्मचारी आनन-फानन में इधर-उधर भागने लगे और बचाव कार्य में जुट गये। लेकिन आग पर काबू पाने में असफल रहे। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
इससे आसपास के मकानों में रहने वाले नागरिक घरों से भागकर सड़क पर आ गये। कर्मचारियों ने घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड विभाग और पुलिस को दी। गोदाम के पास ही स्थित सिमिलिया हेल्थ केयर सेंटर की तरफ भी आग की लपटें बढ़ने लगी। इस पर स्थानीय लोगों ने अपनी सूझ-बूझ से उसे आग से बचा लिया। हालांकि गोदाम की लपटें अस्पताल में कूलर तक पहुंची और फिर खिड़की के पर्दों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि यहां पर भी कोई हताहत नहीं हुआ। कैसरबाग थाना पुलिस ने बताया कि गोदाम में लकड़ी का काम होता है। मालिक का नाम रजनीश है। सूचना पाते ही दमकल की गाड़ियां मौक पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण स्पष्ट अभी तक नहीं हुआ है। आग बुझने के बाद ही कारण की तहकीकात की जाएगी।



