सीबीआई ने चंदा कोचर के ख़िलाफ़ नोटिस जारी किया
सीबीआई ने आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ और एमडी चंदा कोचर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। वीडियोकॉन लोन मामले में यह कार्रवाई की गई है। वो बिना बताए विदेश नहीं जा पाएंगी। वीडियोकॉन लोन मामले में सीबीआई ने पिछले महीने चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर और वीडियोकॉन ग्रुप के एमडी वेणुगोपाल धूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई के पिछले साल प्रीलिमनरी इंक्वायरी की रिपोर्ट फाइल करने के बाद दीपक कोचर और वेणुगोपाल धूत के खिलाफ सभी एयरपोर्ट को लुकआउट सर्कुलर की जानकारी दी गई थी। अब इसे फिर से रिवाइव किया गया है।
हालांकि, आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व चीफ के खिलाफ पहली बार LOC जारी किया गया है। सीबीआई की तरफ से 22 जनवरी को दर्ज एफआईआर में उनका नाम था, इसलिए उन्हें भी इसके दायरे में लाने का फैसला किया गया है। चंदा कोचर ने पिछले साल अक्टूबर में आईसीआईसीआई बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया था। वीडियोकॉन को लोन दिए जाने के मामले में उनके खिलाफ आईसीआईसीआई बैंक स्वतंत्र जांच भी करवा रहा है।



