मिशन वर्ल्ड कप 2019 में आज भारतीय टीम का मुकाबला अफगानिस्तान से
मिशन वर्ल्ड कप 2019 में शनिवार को भारतीय टीम का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा। भारतीय टीम ने इस टूर्नमेंट में तीन मुकाबले जीते हैं जबकि न्यू जीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के चलते रद्द होने के कारण उसे एक अंक मिला। टीम इंडिया के लिए अफगान चुनौती ज्यादा मुश्किल नहीं होनी चाहिए। दोनों टीमों के बीच अभी तक दो मुकाबले हुए हैं। 2014 में एशिया कप में हुआ मुकाबला भारत ने जीता था वहीं 2018 में दुबई में हुए एशिया कप में दोनों टीमों का मुकाबला टाई रहा था। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड में अगले कुछ दिन मौसम 'अनिश्चित' रह सकता है। शनिवार को हालांकि आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है, भारतीय टीम इसका फायदा उठाकर दो अंक बटोरना चाहेगी। इस मैच से पहले डालते हैं भारत और अफगानिस्तान टीम की ताकत और कमजोरी पर एक नजर- टीम इंडिया इस विश्व कप में सबसे संतुलित नजर आ रही है।
भारतीय टीम के पास टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। वहीं कलाई के स्पिनर युजवेंद्र चहल और कुलदील यादव की फिरकी विपक्षी खेमे में हलचल पैदा कर सकती है। यूं तो टीम इंडिया की कमजोरी कोई नजर नहीं आती लेकिन मिडल ऑर्डर पर सवाल जरूर हैं। हालांकि इस टूर्नमेंट में अभी तक इसकी परख नहीं हो पाई है। मोहम्मद शमी को इस मैच में चोटिल भुवनेश्वर कुमार की जगह मौका मिल सकता है। वह इस मैच में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। शिखर धवन के चोटिल होने के बाद शायद ऋषभ पंत को जगह मिल जाए। वह मिडल ऑर्डर में नजर आ सकते हैं। हालांकि उन्हें किसके स्थान पर शामिल किया जाएगा यह देखना दिलचस्प होगा। अफगानिस्तान के स्पिन तिकड़ी- राशिद खान, मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं। वहीं उनके टॉप बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी भी अच्छी फॉर्म में हैं।राशिद खान- इंग्लैंड के खिलाफ राशिद खान ने नौ ओवरों में 110 रन दिए। इस प्रदर्शन के बाद वह इस मैच में वापसी करना चाहेंगे। दुनिया के नंबर तीन बोलर और नंबर दो ऑलराउंडर राशिद भारत के खिलाफ अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे।



