PMC बैंक घोटाला : देशभर के गुरुद्वारों के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई
पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड (PMC) बैंक घोटाला सामने आने के बाद जहां हजारों खाताधारक परेशान हैं वहीं देशभर के गुरुद्वारों (Gurudwara) के सामने भी बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है | दरअसल देशभर के गुरुद्वारों का पीएमसी बैंक में 100 करोड़ से ज्यादा रुपये फंस गए हैं | गुरुद्वारों के सामने यह मुश्किल ऐसे वक्त में सामने आई है जब गुरुद्वारों में गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं | गुरुद्वारा कमेटियों में इसे लेकर गहरा रोष है | इससे पहले मुंबई की एक अदालत ने रविवार को संकटग्रस्त पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड (PMC) के पूर्व चेयरमैन एस. वरयाम सिंह को नौ अक्टूबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया |
मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने शनिवार देर रात माहिम से सिंह को गिरफ्तार किया था और रविवार को दंडाधिकारी न्यायालय के सम्मुख प्रस्तुत किया | 24 सितंबर को आरबीआई (RBI) ने बैंक को झटका देते हुए छह महीने का प्रतिबंध लगा दिया | इसके चलते पीएमसी बैंक के नियमित कारोबार पर रोक लगा दी गई | इस फैसले के बाद जमाकर्ताओं में भारी दहशत फैल गई और त्योहारों के सीजन से पहले इसने बैंकिंग और कॉरपोरेट सर्किलों को चौंका दिया | इसके साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर अलग से जांच शुरू की और एचडीआईएल के शीर्ष अधिकारियों की विभिन्न चल संपत्तियों को जब्त करने के अलावा मुंबई के छह अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की |

