शेयर बाजार: 40800 पर बंद हुआ सेंसेक्स ने बनाया नया रिकॉर्ड, निफ़्टी भी 12050 पर
निवेशकों में बने सकारात्मक माहौल की बदौलत घरेलू शेयर बाजारों ने कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को कई नए रिकार्ड बनाए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 अंकों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 529.82 अंकों की तेजी के साथ अब तक के अपने उच्चतम स्तर 40,889.82 अंकों पर जाकर बंद हुआ है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 164 अंकों की तेजी के साथ 12050 के स्तर को पार करके 12,079 अंकों पर जाकर बंद हुआ है। बीएसई में बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई है।
सेंसेक्स पर भारती एयरटेल, टाटा स्टील, वेदांता, इंडसइंड, एचडीएफसी और हीरो मोटोकॉर्प चढ़ने वाले शेयरों में सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं, जबकि निफ्टी पर इन्फ्राटेल, भारती एयरटेॉल,टाटा स्टील, हिंडाल्को और जेएसडब्ल्यू स्टील में तेजी है। गिरने वाले शेयरों में यस बैंक, ज़ी, ओएनजीसी, एनटीपीसी और गेल आगे हैं।
इन वजहों से आई तेजी
दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर पर समझौता होने की उम्मीद बढ़ गई है। रॉयर्स के मुताबिक शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा था कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर आरंभिक सहमति बन गई है। दोनों देशों के बीच इस साल के अंत तक समझौता पूरा होने की उम्मीद है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वायदा-विकल्प (एफएंडओ) के गुरुवार को एक्सपायर होने से पहले शॉर्ट कवरिंग के कारण तेजी आई है।
वैश्विक बाजारों में आई तेजी का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजारों में भी दिखाई दिया। यही कारण रहा कि बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स अपने ऑल टाइम हाई पर जाकर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों की बात की जाए तो आज चीन, जापान कोरिया जैसे प्रमुख एशियाई बाजारों में बढ़त दर्ज की गई।



