FSSAI के नए नियम के तहत फूड की पैकेजिंग जल्द बदल सकती है
देश में बिकने वाले पैकेज्ड फूड की पैकेजिंग जल्द बदल सकती है | फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने नया ड्राफ्ट रेगुलेशन जारी किया है जिसके मुातबिक पैकेज्ड फूड कंपनियों को पैकेट पर लाल रंग के स्टिकर से बताना होगा कि खाद्य पदार्थ में ज्यादा फैट, चीनी और नमक मौजूद है | FSSAI ने एक बयान में कहा कि लेबलिंग के नए नियम लाने का उद्देश्य लोगों इस बात की जानकारी मुहैया कराना है कि जो पैकेज्ड प्रोडक्ट वे खरीद रहे हैं, उसमें कौन-कौन सी सामग्री इस्तेमाल की गई है |
नए नियम 3 वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लागू करने की योजना है | दरअसल, देश में मोटापा व मधुमेह की समस्या बढ़ने से सरकार ने दो साल पहले नियमों में बदलाव की शुरुआत की थी, जिसके तहत खाने-पीने की पैकेज्ड प्रोडक्ट तैयार करने वाली स्थानीय कंपनियों को प्रोडक्ट के लेबल पर फैट, चीनी और नमक की मात्र का उल्लेख जरूरी है | FSSAI ने इस मसले से जुड़े सभी पक्षों से 30 दिनों के भीतर नियमों के मसौदे पर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं | प्राधिकरण का कहना है कि वह इन नियमों को अंतिम रूप देने से पहले सभी सुझावों और आपत्तियों पर गौर करेगा |






