दिल्ली में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही अचार संहिता लागू
चुनाव तारीखों की सोमवार (6 जनवरी) को घोषणा के साथ ही अब दिल्ली के दंगल में प्रचार के लिए राजनीतिक दलों के पास 7 जनवरी से 6 फरवरी यानि कुल 31 दिन का समय बचा है। सोमवार देर शाम दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सभी राजनीति दलों की बैठक बुलाई गई। बैठक में आचार संहिता लागू होने की जानकारी के साथ उन्हें किन बातों का ध्यान रखना है यह जानकारी दी गई।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही आचार संहिता लागू होते ही अब मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक दल योजनाओं की घोषणा, शिलान्यास या उद्घाटन नहीं कर पाएंगे। हालांकि, चुनाव की अधिसूचना 14 जनवरी को जारी होगी, जिसके साथ ही दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद सीएम केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि जनता काम के आधार पर वोट देगी। उन्होंने कहा कि अगर मैंने काम किया है तो लोग वोट दें। उन्होंने कहा कि मैंने काम के आधार पर वोट मांगने की हिम्मत दिखाई है। 70 साल में यह पहली बार हो रहा है कि लोग इसलिए वोट देंगे कि उनके अस्पताल अच्छे हो गए हैं, उनके बच्चों के स्कूल अच्छे हो गए हैं। केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि यदि हमने काम किया है तो हमें वोट देना।
आचार संहिता लागू होने के साथ दिल्ली में बगैर मंजूरी के लगे सभी पोस्टर-बैनर हटाएं जाएंगे। नगर निगामें को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सोशल मीडिया टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है।
आचार संहिता लागू होने के बाद यह बदलाव
* नेता किसी भी तरह की नई घोषणा नहीं कर सकेंगे। योजना के शिलान्यास और उद्घाटन पर भी रोक रहेगी।
* 50 हजार से अधिक की नकदी लेकर चल रहे हैं और पकड़े जाते हैं तो पैसे का हिसाब देना होगा।
* किसी भी तरह की जनसभा का आयोजन चुनाव आयोग की मंजूरी के बिना नहीं कर सकते।
* बैनर, होर्डिंग से लेकर सोशल मीडिया पर किसी भी तरह का विज्ञापन चुनाव आयोग को दिखाना होगा।
* किसी योजना की समय सीमा बढ़ाने या योजना का विस्तार करने से पहले चुनाव आयोग से मंजूरी लेनी होगी।
* कोई व्यक्ति अगर निजी रूप से भी किसी राजनीतिक दल के समर्थन में झंडा-पोस्टर लगाता है तो कार्रवाई होगी।
























