जीरो की रेस में विराट के अलावा एक और भारतीय बल्लेबाज शामिल
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) गोल्डन डक हुए और इसी के साथ वाे एक सितंबर को गोल्डन डक होने वाले छठे बल्लेबाज भी बन गए हैं | क्रिकेट की दुनिया में रविवार के दिन को शायद इस वजह से भी याद किया जाए, जब एक ही दिन में वर्ल्ड क्रिकेट (इंटरनेशनल और लीग) में आठ खिलाड़ी शून्य पर आउट हो गए | जिसमें से छह खिलाड़ी तो गोल्डन डक, एक डायमंड और एक सिल्वर डक हुए | इसी लिस्ट में कोहली (Virat Kohli) के अलावा स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) का भी नाम शामिल हो गया, जो इंग्लैंड में वीमंस क्रिकेट सुपर लीग में वेस्टर्न स्ट्रोम की ओर से खेलते हुए गोल्डन डक हुईं |
रविवार के दिन क्रिकेट की दुनिया में गोल्डन डक (Golden Duck) होने वालों की सूची में न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो का भी नाम शामिल है, जो श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैच में लसिथ मलिंगा के पहले ओवर की पहली गेंद पर ही बोल्ड हो गए | इनके अलावा वीमंस क्रिकेट सुपर लीग में स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) की टीम वेस्टर्न स्ट्रोम की विकेटकीपर सोफी लफ अमांडा जेडे की गेंद पर गोल्डन डक हुईं | इसी लीग में लॉफबोरफ लाइटनिंग की ओर से खेलते हुए लुसी हिगम साउदर्न वाइपर्स की सुजी बेट्स की गेंद पर गोल्डन डक हुईं | लुसी के पवेलियन लौटने के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर क्रिस्टी गॉर्डन भी गोल्डन डक (Golden Duck) हो गईं | वीमंस क्रिकेट सुपर लीग में जहां रविवार को अधिकतर गोल्डन डक (Golden Duck) हो रहे थे, वहीं माइया बाउचर की किस्मत कुछ ज्यादा ही खराब रही और वह डायमंड डक हुईं | माइया बिना कोई गेंद खेले रन आउट हो गईं | इनके अलावा लॉफबोरफ की जॉनी गार्डनर सिल्वर डक हुईं | उन्होंने दो गेंदों का सामना किया और बिना खाता खोले ही आउट हो गईं |



