T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले देखना संभव नहीं
देशों के असंख्य फैंस को इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने थोड़ा निराश किया है। दरअसल, क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने मंगलवार को 2020 में होने वाले वर्ल्ड टी20 का कार्यक्रम जारी किया। भारत और पाकिस्तान सहित दुनिया की शीर्ष 8 टीमें पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 12 राउंड में सीधे खेलने का हक पा चुकी हैं। इस राउंड में खेलने वाली 12 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। इन दो पारंपरिक चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच टक्कर को देखने के लिए फैंस को नॉकआउट मैचों तक की राह देखनी होगी।
दिलचस्प यह है कि अगले साल होने वाले पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही दिन लेकिन अलग-अलग वक्त और अलग-अलग शहरों में खेलेंगी। 24 अक्टूबर को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला पाकिस्तान से है जबकि इसी दिन भारत की टक्कर साउथ अफ्रीका से पर्थ में है। भारतीय समयानुसार सिडनी में मैच दोपहर 1.30 बजे से जबकि पर्थ में मैच शाम 4.30 बजे से शुरू होगा।

