नवंबर में पिंक बॉल से होगा बांग्लादेश और टीम इंडिया के बीच टेस्ट मैच
टीम इंडिया का कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में बांग्लादेश के साथ (India vs Bangladesh) अपना पहला दिन-रात का टेस्ट मैच (Day-Night test) खेलना है | 22 नवम्बर से होने वाले इस मैच में एसजी पिंक बॉल का उपयोग होना है | इतने कम समय में बीसीसीआई पर्याप्त गेंदों की व्यवस्था कैसे सकेगी यह भी एक सवाल है, लेकिन बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कंपनी से कहा है कि वह अगले 10 दिनों में पर्याप्त संख्या में पिंक बॉल तैयार कर ले | मंगलवार को ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के साथ कोलकाता में पहले दिन-रात के टेस्ट मैच को हरी झंडी दी और इसी दिन बोर्ड अधिकारियों ने एसजी कम्पनी के अधिकारियों से बात कर उन्हें अतिशीघ्र पर्याप्त संख्या में पिंक बॉल तैयार करने को कहा, जिससे कि दोनों टीमों को अभ्यास करने में कोई दिक्कत ना हो | दोनों ही टीमें पहली बार डे-नाइट टेस्ट मैच खेल रही हैं |

एक सूत्र ने कहा - हां, अध्यक्ष ने एक टीम बनाई है, जो एसजी कम्पनी के साथ तालमेल बनाए रखेगी | अध्यक्ष चाहते हैं कि अगले 10 दिनों में पर्याप्त संख्या में पिंक बॉल तैयार हो जाए, जिससे कि दोनों टीमों को अभ्यास करने में कोई दिक्कत ना हो | बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि असल चैलेंज को अंपायरों को सब्सीट्यूट बॉल देने की होगी |

उल्लेखनीय है कि गांगुली ने हमेशा से पिंक बॉल क्रिकेट की वकालत की है | वह 2016-17 में जब तकनीकी समिति के सदस्य थे, तब उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी पिंक बॉल के उपयोग की सिफारिश की थी | गांगुली ने उसी समय दिन-रात के मैच की वकालत की थी | गांगुली का मत है कि दिन-रात के टेस्ट मैच से टेस्ट क्रिकेट को अधिक से अधिक दर्शक मिल सकेंगे | अभी दक्षिण अफ्रीका के साथ रांची में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद भारतीय कप्तान कोहली ने दर्शकों की कम संख्या को लेकर नाराजगी जाहिर की थी | कोहली ने इसके बाद भारत में पांच टेस्ट सेंटर बनाए जाने की बात कही थी | बांग्लादेशी टीम बुधवार को भारत पहुंच रही है | वह भारत के साथ तीन टी-20 और दो टेस्ट मैच खेलेगी |



