पाकिस्तानी प्रयास को श्रीलंका के क्रिकेटरों ने दिया बड़ा झटका
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमों की मेजबानी करने के पाकिस्तानी प्रयास को श्रीलंका (Sri Lanka) के क्रिकेटरों ने बड़ा झटका दिया है | श्रीलंका के 10 खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के आगामी दौरे पर जाने से मना कर दिया है | यह दौरा इसी महीने प्रस्तावित है | प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों टीमों के बीच तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं | पाकिस्तान (Pakistan) और श्रीलंका के बीच यह सीरीज 27 सितंबर से शुरू होनी है | लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने, लसिथ मलिंगा और एंजेलो मैथ्यूज जैसे 10 प्रमुख खिलाड़ियों के पाकिस्तान दौरे पर जाने से इनकार कर दिया है | साल 2009 में पाकिस्तान दौरे पर गई श्रीलंका की टीम पर ही आतंकी हमला हुआ था | इस हमले में खिलाड़ी बाल-बाल बच गए थे | तब से किसी भी देश की टीम ने पाकिस्तान में पूर्ण सीरीज नहीं खेली है | हालांकि, श्रीलंका की टीम ने 2017 में पाकिस्तान में जाकर टी20 मैच खेला था |

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारी चिंतित हैं | उसने श्रीलंका के सीनियर खिलाड़ियों की उपलब्धता पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है | लेकिन बोर्ड सूत्रों के अनुसार वे श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारियों और खेल मंत्री हरिन फर्नांडो के संपर्क में हैं | दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की श्रीलंका के साथ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज खेलकर दुनिया को यह संदेश देना चाहता है कि वह किसी भी टीम की सुरक्षित मेजबानी कर सकता है | उसकी इस कोशिश को झटका लग गया है | अगर श्रीलंका के प्रमुख खिलाड़ी पाकिस्तान का दौरा नहीं करते तो इसका दुनिया में सकारात्मक संदेश नहीं जाएगा | क्रिकइंफो के मुताबिक जिन 10 खिलाड़ियों ने पाकिस्तान जाने से मना किया है | उनके नाम कप्तान दिमुथ करुणारत्ने, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला, कुसल परेरा, धनंजय डिसिल्वा, थिसारा परेरा, अकिला धनंजय, सुरंगा लकमल और दिनेश चांडीमल हैं |



