क्रिकेट के दो दिग्गज ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड CWC19 में आज होंगे आमने-सामने
आईसीसी वर्ल्ड कप में सही समय पर लय हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम शनिवार को जब अपने पड़ोसी देश न्यू जीलैंड के खिलाफ यहां मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश जीत की लय को जारी रखने की होगी। पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ टूर्नमेंट में पहली बार हार का स्वाद चखने वाली न्यू जीलैंड की टीम में इस मुकाबले से आरोन फिंच की अगुआई वाली टीम को लार्ड्स के मैदान में हराकर लय हासिल करने की कोशिश करेगी। वर्ल्ड कप में आज का यह दूसरा मैच है, जो भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे खेला जाएगा। आज का पहला मैच लीड्स में दोपहर 3 बजे से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच में है। गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ मैच गंवाने के अलावा इस टूर्नमेंट में कुछ भी गलत नहीं किया और वह सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाई करने वाली पहली टीम बन गई। न्यू जीलैंड अपने सभी 7 मैचों में एक ही टीम के साथ उतरी है। टीम के नाम 11 अंक हैं और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उन्हें अपने बाकी दो मैचों में से कम से कम एक में जीत की जरूरत है। न्यू जीलैंड अगर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड (तीन जुलाई) के खिलाफ एक मैच में जीत दर्ज करने में सफल रही तो लगातार चौथी बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगी। वर्ल्ड कप में दोनों टीमें पिछली बार (2015) टूर्नमेंट के फाइनल में भिड़ी थीं और दोनों टीमों के खिलाड़ियों को उसकी यादें अब भी ताजा होगी। ऐसे में शनिवार को होने वाला मुकाबला काफी रोमांचक हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा काफी भारी है। तटस्थ जगहों पर दोनों देशों के बीच खेले गए 20 एकदिवसीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया की टीम 19 बार सफल रही है। न्यू जीलैंड की टीम को एकमात्र सफलता 1999 के विश्व कप में मिली जो विश्व कप में दोनों टीमें के बीच हुए 7 मुकाबलों में न्यू जीलैंड की एकमात्र जीत है। वही ऑस्ट्रेलिया ने अपने पिछले मैच में मेजबान और दुनिया की नंबर एक टीम इंग्लैंड को 64 रन से हराया था।







