टूर्नामेंट और खासकर फाइनल के दबाव में बिखर गया था ये खिलाड़ी
इंग्लैंड ने सुपरओवर में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए यह उपलब्धि हासिल की | यहां तक कि फाइनल में हर ओवर और हर गेंद के बाद मैच का रुख कभी इंग्लैंड तो कभी न्यूजीलैंड की ओर जा रहा था | मगर अंत में बाजी इंग्लैंड के ही नाम रही और उसने अपना पहला विश्व कप जीतने में कामयाबी हासिल की | मगर क्या आप जानते हैं कि फाइनल में दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर कितना अधिक दबाव था, खासकर इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर पर | बटलर के मन में तो ये ख्याल भी आने लगा था कि अगर इंग्लैंड की टीम फाइनल नहीं जीत सकी तो फिर वह दोबारा कभी क्रिकेट कैसे खेल पाएंगे | इतना ही नहीं, वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से पहले लीग चरण में जब इंग्लैंड की टीम का प्रदर्शन खराब होने लगा था तो इस खिलाड़ी ने उन हालात से उबरने के लिए मनोचिकित्सक तक की मदद ली थी | इंग्लैंड की वर्ल्ड कप जीत में जोस बटलर ने न केवल शानदार अर्धशतक लगाया, बल्कि बेन स्टोक्स के साथ अहम साझेदारी भी की | यहां तक कि सुपरओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने ही न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल को रन आउट कर टीम को उसका पहला वर्ल्ड कप दिलाया |
मगर कम ही लोग जानते हैं कि वे टूर्नामेंट और खासकर फाइनल के दबाव में बिखर गए थे | इससे उबरने के लिए उन्होंने टीम के मनोचिकित्सक डेविड यंग की मदद ली थी | उसके बाद ही वे इस बात पर विश्वास कर पाए थे कि ये वर्ल्ड कप इंग्लैंड ही जीतने जा रहा है | इस बारे में बटलर कहते हैं कि मुझे तब टूर्नामेंट से बाहर होने का डर सताने लगा था | ऐसा लग रहा था कि चार साल से अच्छा क्रिकेट खेलने के बाद भी नतीजा कुछ नहीं है | मैंने रविवार के फाइनल से पहले आठ फाइनल खेले थे और इनमें से सात में मुझे हार का सामना करना पड़ा था | समरसेट हो या चैंपियंस ट्रॉफी या फिर कोलकाता में टी-20, सभी में हार मिली | मैं दोबारा से फाइनल में हार का दर्द सहन नहीं करना चाहता था | मार्टिन गुप्टिल ने जैसे ही वो शॉट खेला, मैंने देखा कि गेंद जेसन के पास गई है | मुझे तभी महसूस हुआ कि अगर हमने इस पल पर काबू पा लिया तो जीत हमारी होगी | मैं जानता था कि गुप्टिल को लंबा फासला तय करना है | मगर दबाव में कुछ भी आसान नहीं था, लेकिन मैं जानता था कि इसे सहज होना ही होगा | जब जेसन ने गेंद उठा ली तो यह बात बिल्कुल भी जेहन में नहीं आई कि उनसे मिसफील्ड भी हो सकती थी | उन्होंने मेरी ओर गेंद फेंकी और मैंने रन आउट कर दिया |







