डॉक्टरों ने मात्र एक ग्राम की मछली के ट्यूमर की सर्जरी की
आपने इंसानों में ट्यूमर जैसी बीमारी के बारे में सुना होगा लेकिन सोचिए ये बीमारी अगर किसी मछली को हो जाए और उसका ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी जाए तो आप क्या कहेंगे | ये खबर भले ही आपको थोड़ी अटपटी लग रही हो लेकिन है बिल्कुल सही | इंग्लैंड के ब्रिस्टस स्थित वेट्सी वेटरनरी अस्पताल में डॉक्टरों ने मात्र एक ग्राम की मछली के ट्यूमर की सर्जरी की है | लगभग 40 मिनट तक चले इस ऑपरेशन के बाद मछली को नई जिंदगी दी गई है | इस ऑपरेशन के साथ ही ये मछली दुनिया की सबसे छोटी सर्जरी करने वाली मरीज बन गई है | यह मछली मोली प्रजाति की गोल्ड फिश है | बताया जाता है कि एक ग्राम की इस छोटी सी मछली की कीमत महज 89 रुपये है | इस मछली से उसके मालिक को इतना प्यार था कि उसने इसकी बीमारी ठीक करने के लिए 9 हजार रुपये खर्च किए |
इस मछली का जिस अस्पताल में इलाज किया गया है उसमें गिरगिट, छिपकली, सांप और मगरमच्छ जैसे जीवों की भी सर्जरी की जाती है | बताया जाता है कि गोल्ड फिश के मालिक को उसके पड़ोसी ने कुछ हफ्ते पहले ही यह मछली तोहफे में दी थी | एक दो दिन तक तो सबकुछ सही रहा लेकिन कुछ दिन बाद ही मछली के पेट में एक गांठ बननी शुरू हो गई | मछली का पेट बढ़ता देख मछली के मालिक ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया | जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि मछली के पेट में ट्यूमर है | इसके बाद मछली का ऑपरेशन किया गया | अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारी सोन्या माइल्स ने ऑपरेशन के बारे में बताते हुए कहा कि मछली को पहले एक कंटेनर में डाला गया | कुछ देर बाद जब वह शांत हो गई तो उसे ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया | यहां पर मछली के मुंह की नली से उसका ट्यूमर निकाला गया | इसके बाद उसके पेट को वाटरप्रूफ पेस्ट से बंद कर दिया गया |









