अखिलेश यादव ने संबोधन शुरू ही किया था कि तेज बारिश से टेंट फटने की आवाज आई
समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित मुख्यालय (Samajwadi Party Headquarters) में शनिवार को विश्वकर्मा पूजा समारोह आयोजित किया गया | शिल्पकार महासभा द्वारा पार्टी के लॉन में आयोजित इस कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज बारिश में वॉटर प्रूफ टेंट फट गया | अचानक टेंट फटने से कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई | बता दें कि जिस समय ये घटना घटी, उस समय मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के साथ शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा समेत पूरे देश से आए करीब 150 प्रतिनिधि मंच पर मौजूद थे |
अखिलेश यादव ने संबोधन शुरू ही किया था कि मंच के सामने स्थित दीर्घा में अचानक तेज बारिश से टेंट फटने की आवाज आई | टेंट फटने के साथ कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई | इस दौरान अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को शांत किया और कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता संघर्षों से नहीं डरते हैं, उनका सामना करते हैं | अखिलेश के ये कहने के बाद सभी कार्यकर्ता शांत हो गए और बारिश में भीगते हुए उन्होंने उनका संबोधन सुना | इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है |



