चुनाव की तारीख ने बीजेपी और कांग्रेस-जेडीएस के बागी विधायकों की टेंशन को बढ़ा दिया
कर्नाटक (Karnataka) में 15 सीटों के लिए होने वाले उपचुनावों (Belection) की तारीख चुनाव आयोग ने घोषित कर दी है | हरियाणा और महाराष्ट्र (Harayana Maharashtra Assembly Election) के साथ यहां पर भी 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे | लेकिन इन चुनावों की तारीख ने बीजेपी और कांग्रेस-जेडीएस के बागी विधायकों की टेंशन बढ़ा दी है | कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस विधायकों की बगावत के कारण इस साल 23 जुलाई को लंबे ड्रामे के बाद कांग्रेस और जेडीएस की गठबंधन सरकार गिर गई थी | 23 जुलाई इन विधायकों के लिए जश्न का दिन था, लेकिन अब ये सभी विधायक एक अजीब सी मुसीबत में फंसते नजर आ रहे हैं | इन 15 विधायकों ने कुमारस्वामी सरकार से समर्थन वापस लेते हुए इस्तीफा दे दिया था, लेकिन विधानसभा स्पीकर ने उन्हें पूरे पांच साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया | अब ये मामला सुप्रीम कोर्ट में है, लेकिन चुनाव आयोग ने राज्य की 15 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी है | इन विधायकों की सदस्यता संबंधी मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है | लेकिन चुनाव की तारीख घोषित हो गई है | नॉमिनेशन फाइल करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है | ऐसे में इन विधायकों के पास चुनाव में जाने के लिए सिर्फ 8 दिन हैं | सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई अब 23 सितंबर को है | बीजेपी सूत्रों के अनुसार, अयोग्य घोषित किए गए कुछ विधायकों ने बीएस येडियुरप्पा के पीए एनआर संतोष से मुलाकात की |

बंद कमरे में हुई इस मुलाकात में माहौल काफी गर्म रहा | इन विधायकों ने बीजेपी पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप लगाया | उन्होंने एनआर संतोष के सामने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अब सब कुछ 'आउट ऑफ कंट्रोल' हो रहा है | माना जाता है कि कर्नाटक में बीजेपी द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन लोटस' में संतोष की बड़ी भूमिका रही और इसी कारण एचडी कुमारस्वामी की सरकार गिरी | शनिवार दोपहर को चुनाव आयोग की घोषणा के बाद येडियुरप्पा ने अपने कुछ खास लोगों की आपात बैठक बुलाई | इसमें उन्होंने बागी विधायकों से किए गए वादे और 15 में से ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की बात कही गई | जिससे बीजेपी की सरकार चलती रहे | इधर राज्य निर्वाचन आयोग ने साफ कर दिया है कि बागी विधायकों को चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी | अयोग्य घोषित किए गए विधायक एसटी सोमशेखर ने एक बातचीत में कहा कि, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई है | हमें उम्मीद है कि यहां से हमें स्टे मिल जाएगा | हम देखते हैं कि कोर्ट इस मामले में क्या फैसला देता है | चुनावी तारीख पर सोमशेखर ने कहा कि, हमारे वकील इस पर सोमवार को स्टे ले लेंगे | हम इस मामले को लेकर चिंतित नहीं हैं | उन्होंने कहा कि हम चुनाव लड़ने को लेकर पूरी तरह निश्चिंत हैं, लेकिन किसी पार्टी से लड़ेंगे, इस पर सोमशेखर ने कुछ नहीं कहा |



