ब्रॉन्ज, सिल्वर, गोल्ड, डायमंड, प्लेटिनम और टाइटेनियम प्लान में जियो फाइबर
Reliance Jio की Jio Fiber सेवा को व्यवसायिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया है। जियो फाइबर के प्लान 699 रुपये प्रति माह से शुरू होकर 8,499 रुपये तक जाते हैं। जियो फाइबर के हर प्लान में कम से कम 100 एमबीपीएस की स्पीड से डेटा मिलेगा। सर्वाधिक 1 स्पीड जीबीपीएस की होगी। JioFiber Welcome Offer के तहत, सब्सक्राइबर्स को टेलीविज़न और 4K सेट टॉप बॉक्स मिलेगा। साथ में ओटीटी ऐप सब्सक्रिप्शन, अनलिमिटेड वॉयस और डेटा कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। जियो फाइबर कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले पुराने ग्राहकों को अगले रीचार्ज पर सेट टॉप बॉक्स मुफ्त दिया जाएगा। आइए आपको जियो गीगाफाइबर को लेकर किए गए ऐलान के बारे में विस्तार से बताते हैं...
Jio Fiber Plans
जियो फाइबर के प्लान को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है। ये हैं- ब्रॉन्ज, सिल्वर, गोल्ड, डायमंड, प्लेटिनम और टाइटेनियम।
जियो फाइबर ब्रॉन्ज प्लान के लिए मासिक शुल्क 699 रुपये है। इसमें 100 एमबीपीएस तक की स्पीड से डेटा मिलेगा। डेटा अनलिमिटेड होगा। लेकिन तेज़ स्पीड में 100 जीबी डेटा मिलेगा और बोनस के तौर पर अतिरिक्त 50 जीबी डेटा। यानी कुल 150 जीबी डेटा। जियो फाइबर सिल्वर प्लान का मासिक किराया है 899 रुपये। इसमें 100 एमबीपीएस तक की स्पीड से डेटा मिलेगा। इस प्लान में भी डेटा अनलिमिटेड है। लेकिन हाइ स्पीड डेटा की सीमा है 200 जीबी। इसके अतिरिक्त 200 जीबी डेटा बोनस के तौर पर दिया जाएगा। यानी कुल डेटा होगा 400 जीबी। जियो फाइबर गोल्ड प्लान का मासिक किराया है 1,299 रुपये। इसमें 250 एमबीपीएस तक की स्पीड से डेटा मिलेगा। इसमें कुल 500 जीबी डेटा दिया जाएगा। साथ में 250 जीबी बोनस डेटा होगा। यानी कुल डेटा 750 जीबी। जियो फाइबर डायमंड प्लान का मासिक किराया है 2,499 रुपये। इसमें 500 एमबीपीएस तक की स्पीड से डेटा मिलेगा। इस प्लान में भी डेटा अनलिमिटेड है। हाइस्पीड डेटा की सीमा 1250 जीबी है और साथ में 250 जीबी अतिरिक्त डेटा उपलब्ध होगा। यानी कुल डेटा है 1500 जीबी। जियो फाइबर प्लेटिनम प्लान का मासिक किराया है 3,999 रुपये। इसमें 1 जीबीपीएस तक की स्पीड से डेटा मिलेगा। इस प्लान में भी डेटा अनलिमिटेड है। लेकिन हाइ-स्पीड में 2,500 जीबी डेटा दिया जाएगा। जियो फाइबर टाइटेनियम प्लान का मासिक किराया है 8,499 रुपये। इसमें भी 1 जीबीपीएस तक की स्पीड से डेटा मिलेगा। यूज़र्स कुल 5,000 जीबी डेटा इस्तेमाल कर पाएंगे।
जियो फाइबर के इन सारे प्लान में डेटा अनलिमिटेड है। अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा है। टीवी वीडियो कॉलिंग/ कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा दी जा रही है। जीरो लेटेंसी गेमिंग की सेवा मुफ्त है। डिवाइस सिक्योरिटी भी उपलब्ध होगी। हालांकि, वीआर एक्सपीरियंस और प्रीमियम कंटेंट की सेवा सिर्फ जियो फाइबर डायमंड, प्लेटिनम और टाइटेनियम प्लान से साथ उपलब्ध है।


