वित्त मंत्री के ऐलान से शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से कंपनियों को बड़ी टैक्स छूट देने के ऐलान के बाद शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल आया है | बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स फिलहाल (12:03 PM) 1,844.63 अंक उछलकर 37,929.89 के स्तर पर पहुंच गया है | वहीं, NSE का 50 शेयरों वाल प्रमुख इंडेक्स निफ्टी भी 525.35 अंक की तेजी के साथ 11,230.15 पर कारोबार कर रहा है | एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह निफ्टी में 10 साल की सबसे बड़ी तेजी है | आपको बता दें कि वित्त मंत्री ने कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए कॉर्पोरेट टैक्स घटाने का प्रस्ताव किया है | ये घरेलू कंपनियों और नई कंपनियों के लिए है | इसको अध्यादेश के जरिए लागू किया जाएगा |
वित्त मंत्री ने कहा है कि बिना किसी छूट के इनकम टैक्स 22 फीसदी होगा | साथ ही मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के लिए भी टैक्स घटेगा | शेयर बाजार की इस तेजी में निवेशकों को 5.82 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है | एक्सपर्ट्स का कहना है कि बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के शेयरों का वैल्यूएशन कुछ ही घंटों में 5.82 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है | कैपिटल सिंडिकेट के मैनेजिंग पार्टनर सुब्रमण्यम पशुपति ने बताया है कि लंबे समय से कंपनियां मिनिमम अल्टरनेट टैक्स (MAT) हटाने की मांग कर रही थीं | हाल में टैक्स रिफॉर्म को लेकर बनी कमेटी ने भी इसे हटाने की सिफारिश की थी | कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए टैक्स छूट और मैट खत्म होने से कंपनियों के मुनाफे पर बड़ा असर होगा | इसीलिए शेयर बाजार में तेजी आई है | अगले कुछ दिनों तक सेंसेक्स, निफ्टी में तेजी का दौर जारी रहने की उम्मीद है |





