बीजेपी के 26 लोकसभा सीटों में से 16 सीटों पर उम्मीदवार घोषित
लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर बीजेपी धीरे-धीरे कदम बढ़ाती जा रही है | बीजेपी ने गुजरात की कुल 26 लोकसभा सीटों में से अब तक 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं | बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद रविवार को बीजेपी ने 15 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर दिए हैं | अब तक बीजेपी ने कुल दो सांसदों को दोबारा चुनाव लड़ने का मौका नहीं दिया है जिसमें पहला नाम तो उसके वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी का है जबकि दूसरा नाम सुरेंद्रनगर सीट से मौजूदा सांसद देवजी फतेपरा का है | रविवार को जारी हुई इस लिस्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें जिन 15 उम्मीदवारों को मौका दिया गया है उनमें से 14 मौजूदा सांसदों को ही टिकट दिया गया है | जबकि सुरेंद्रनगर के मौजूदा सांसद का टिकट काट दिया गया है | गांधीनगर से अमित शाह, कच्छ से विनोद चावड़ा, अहमदाबाद पश्चिम से डॉ. किरीट सोलंकी, सुरेन्द्रनगर से महेन्द्र मुंजपरा, राजकोट से मोहन कुंडारिया, जामनगर से पूनम माडम, अमरेली से नारण काछडिया, भावनगर से भारतीबहेन शियाळ, बारडोली से प्रभु वसावा, वडोदरा से रंजनबेन भट्ट, नवसारी से सी. आर. पाटिल, वलसाड से के. सी पटेल, भरूच से मनसुख वसावा, दाहोद से जशवंत सिंह भाभोर, साबरकांठा से दीपसिंह राठौड़ और खेड़ा से देवुसिंह चौहाण के नाम की घोषणा हो चुकी है | बीजेपी आलाकमान द्वारा गुजरात लोकसभा की 10 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करना अभी बाकी है |

























