चीन में मात्र 6 दिनों में बनेगा अस्पताल
Medhaj News 26 Jan 20,22:54:58 World
पूरी दुनिया में चर्चित खतरनाक कोरोना वायरस चीन में कहर बरपा रहा है | चीन के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार तक कोरोना वायरस के कारण 56 लोगों की मौत हो चुकी है | 237 लोगों की हालत गंभीर है | इसी बीच चीन ने एक बड़ा ऐलान किया है कि छह दिन के अंदर उसके यहां अस्पताल बन जाएगा | दरअसल, चीन के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार चीन में कोरोना वायरस के कुल 1,965 संदिग्ध मामले सामने आए हैं | इनमें से 1287 लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाए जाने की पुष्टि की गई है | सर्वाधिक मौत मध्य चीन के हुबेई प्रांत में हुई हैं | चीन सरकार ने वुहान प्रांत में एक 1000 बेड का अस्पताल बनाना शुरू कर दिया है, जिसके मात्र 6 दिन में पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है | वायरस से सर्वाधिक प्रभावित लोग वुहान और हुबेई प्रांत के शहरों में ही हैं |
- चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार अस्पताल का काम शुरू हो चुका है और ये नया अस्पताल 1000 बेड वाला होगा | अस्पताल के लिए 25 हजार वर्ग मीटर वाले एक इलाके में खुदाई का काम शुरु हो चुका है |
- दरअसल, इसी तरह साल 2003 में चीन ने एक कारनामा कर दिखाया था जब उसने मात्र सात दिन में एक महामारी से निपटने के लिए अस्पताल बनाया था | उस समय बीजिंग में सार्स (SARS) वायरस के निपटने के लिए अस्पताल बनाया था |
- ये अस्पताल इसी कोरोना वायरस के लिए बनाया जा रहा है | इसमें कोरोना वायरस से संक्रमित लोग ही आएंगे | इस कारण यहां सुरक्षा के भी इंतजाम होंगे | 2003 में सात दिनों के भीतर बीजिंग में अस्पताल बनाने के रिकॉर्ड को चीन खुद ही तोड़ेगा |
- इन दोनों प्रांतों में हालात इतने भयावह हैं कि सेना की भी सहायता ली जा रही है | साथ ही इन शहरों में सार्वजनिक परिवहन सेवा को निलंबित कर दिया गया है | यहां पूरी तरह लॉक-डाउन जैसे हालात हैं | इस वायरस के कारण चीनी नव वर्ष का जश्न भी नजर नहीं आ रहा |
- कोरोना वायरस चीन से बाहर भी कई देशों में फैल गया है | हांगकांग, मकाऊ, ताइवान, नेपाल, जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, वियतनाम और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ ही ऑस्ट्रेलिया तक फैल गया है | जापान ने शुक्रवार को दूसरे मामले की पुष्टि की | वहीं शनिवार को ऑस्ट्रेलिया ने भी एक मामले की पुष्टि की है |
- कोरोना वायरस के कारण भारत की चिंता भी बढ़ गई है | वुहान और हुबेई प्रांत के विश्वविद्यालयों में 700 छात्र पढ़ाई करते हैं | इनमें से कई अभी वहीं हैं | भारतीय दूतावास छात्रों के संपर्क में है | इसके लिए भारतीय दूतावास ने हॉटलाइन नंबर भी जारी किया है | वहीं चीन से लौटे 7 लोगों को केरल में निगरानी में रखा गया है |


