यमुना में उफान आने से आसपास की सभी झुग्गी बस्तियां डूब गई
यमुना का जलस्तर शाम तक 207.08 मीटर तक पंहुच जाएगा | यमुना में उफान आने से आसपास की सभी झुग्गी बस्तियां डूब चुकी हैं | इतना ही नहीं यमुना पर बने रेल-रोड ब्रिज (लोहा पुल) को भी बंद कर दिया गया है | ऐसे में पुल से होने वाले परिचालन को रोक दिया गया है | ऐसे में दिल्ली आने-जाने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनों (trains) के रूट को डायवर्ट कर दिया गया है | बाढ़ (Flood) के खतरे को देखते हुए हरिद्वार-अहमदाबाद योग एक्सप्रेस, बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस, कोटद्वार-दिल्ली गढ़वाल एक्सप्रेस, गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू, अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस, भिवाणी-कानपुर कालिंदी एक्सप्रेस, जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस, दिल्ली-शाहजहांपुर पैसेंजर, दिल्ली-डिब्रूगढ़ ब्रह्मपुत्र मेल और दिल्ली-मालदा टाउन फरक्का एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट किया गया है |
बता दें कि इस पुल के जरिये ट्रेनें पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाती हैं | यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए लोहे के पुल के पास NDRF की टीम तैनात कर दी गई है | टीम में शामिल राहत एवं बचावकर्मी आम लोगों को जागरूक कर रहे हैं | ट्रेनों पर रोक लगाने के साथ ही प्रशासन ने लोहा पुल के निचले हिस्से को भी बंद कर दिया है | इस हिस्से से बड़ी संख्या में मोटर वाहन गुजरते हैं | तीन दिनों से बंद इस हिस्से को अगले आदेश के बाद ही खोला जाएगा |




