सोने का भाव रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा 38,900 के पार
सोने के दाम लगातार तीसरे दिन चढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुँच गए है। आज बाजार बंद होने तक सोने का भाव 38,970 रूपए रहा। सोना बिटुर 170 रुपये की बढ़त लेकर 38,820 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 28,800 रुपये के भाव पर स्थिर रही। बाजार सूत्रों ने सोने की कीमतों में तेजी आने का श्रेय घरेलू बाजार की मांग में आई तेजी को दिया। उन्होंने कहा कि हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के रुख ने लाभ को कुछ सीमित जरूर कर दिया। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में नरमी के कारण भी सर्राफा कीमतों में तेजी आई क्योंकि सुस्त शेयर बाजार की जगह निवेशकों ने सर्राफा की ओर अपना रुझान दिखाया। स्थानीय बाजार के उलट विदेशों में सोने-चाँदी पर दबाव रहा।
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 0.24 प्रतिशत गिरकर 1,498.45 डॉलर प्रति औंस पर रहा। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 1,504.60 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा। चाँदी हाजिर में 60 रुपये की मामूली बढ़त दर्ज की गयी और यह 45,100 रुपये प्रति किलोग्राम बिकी। भविष्य में कीमतों में तेजी की उम्मीद में चाँदी वायदा 145 रुपये चमककर 43,765 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 91 हजार और 92 हजार रुपये सैकड़ा के भाव स्थिर रहे।



