अमिताभ बच्चन का ट्विटर अकाउंट हैक कर लगाई इमरान खान की तस्वीर
अमिताभ बच्चन का ट्विटर अकाउंट सोमवार देर रात तुर्की के हैकर ने हैक कर लिया। हैकर पाकिस्तान का समर्थक है। उसने ट्विटर अकाउंट पर अमिताभ की फोटो को हटाकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की तस्वीर लगा दी। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, महाराष्ट्र साइबर टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है। हैकर अइलदिज टिम ने ट्विटर अकाउंट पर इमरान की तस्वीर के साथ में ‘लव पाकिस्तान’ लिखकर तुर्की का झंडा भी लगाया। उसने कवर फोटो पर हैकर ने अपने ग्रुप का लोगो और उड़ती हुई ईगल (चील) की तस्वीर लगाई। हैकर ने पाक प्रेम दिखाते हुए भारत सरकार पर रमजान के दौरान मुस्लिमों को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया।
अकाउंट हैक करने के बाद हैकर ने ट्वीट करते हुए लिखा - पूरी दुनिया के लिए यह एक महत्वपूर्ण संदेश है। हम तुर्की फुटबॉलर्स की ओर से आइसलैंड रिपब्लिक के अनादरपूर्ण बर्ताव पर खेद जताते हैं। हम विनम्रता के साथ यह बड़ा कदम उठा रहे हैं। हम यहां आपको इस बड़े साइबर अटैक के बारे में जानकारी दे रहे हैं। अइलदिज टिम तुर्किश साइबर आर्मी। हैकर ने अपने दूसरे ट्वीट में अपने इंस्टाग्राम के असत्यापित ऑफिशियल पेज की लिंक शेयर की। दूसरे ट्वीट में हैकर ने भारतीय मुस्लिमों से उनके ग्रुप को सपोर्ट करने की अपील भी किया। हैकर ने लिखा - हम आपके समर्थन का इंतजार कर रहे हैं।

