Bala Box Office Collection:आयुष्मान खुराना की फिल्म दर्शकों को भायी, तीसरे दिन भी किया दमदार कलेक्शन
आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) की फिल्म 'बाला' (Bala) की कहानी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। इस फिल्म को रिलीज हुए चार दिन हुए हैं और फिल्म बजट निकालने के बाद कमाई की ओर बढ़ गई है। खास बात है कि 'बाला' दो दिन में ही बजट निकालने में कामयाब हो गई थी। आयुष्मान की 'बाला' पहले दिन उनकी फिल्मों में सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है। वहीं तीसरे दिन के कलेक्शन ने एक और रिकॉर्ड बनाया है।
इंडिया टुडे अंग्रेजी वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक 'बाला' ने तीसरे दिन 20 करोड़ का कलेक्शन करने की उम्मीद जताई है। इस फिल्म के अब के कलेक्शन पर नजर डालें तो 'बाला' ने शुक्रवार को 10.15 करोड़, शनिवार को 15.73 करोड़ का कलेक्शन किया। तीसरे दिन के कलेक्शन को मिलाकर 'बाला' फिल्म का कुल कलेक्शन 45.88 करोड़ हो चुका है। फिल्म समीक्षकों ने 'बाला' फिल्म के कलेक्शन में उछाल को देखते हुए दूसरे दिन ही दावा किया था तीसरे दिन भी इसके कलेक्शन में और इजाफा होगा। इसके साथ ही पहले हफ्ते में ही 40 करोड़ का कलेक्शन जुटाने की उम्मीद जताई थी। तीसरे दिन के कलेक्शन के साथ 'बाला' फिल्म आयुष्मान की पहले हफ्ते में 40 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करने वाली तीसरी फिल्म बन गई है। इससे पहले 'बधाई हो' और 'ड्रीम गर्ल' फिल्म पहले हफ्ते में इतना कलेक्शन करने में सफल रही थी।
आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) की 'बाला' बालमुकुंद शुक्ला' की कहानी है, जो बचपन में अपने लंबे बालों और जबरदस्त एटीट्यूड के लिए पहचाने जाते थे। नन्हे बाला लड़कियों के बीच अपने बालों की स्टाइल से मशहूर थे। लेकिन वक्त का पहिया ऐसा घूमा कि खुद मजाक बनने को मजबूर हो गए। 25 की उम्र में बाला का बाल झड़ना शुरू हो गया और फिर लग गई वाट। 200 से ज्यादा नुस्खे अपनाए, लेकिन फिर भी कोई उपाय नहीं मिला. आखिर में नकली बालों का सहारा लेना पड़ा। 'बाला' के बारे में आयुष्मान ने कहा- 'फिल्म बाला से हमने एक बहुत ही मजबूत और ठोस सामाजिक संदेश मनोरंजक तरीके से देने की कोशिश की और मुझे खुशी है कि फिल्म ने पहले दिन से ही दर्शकों के साथ रिश्ता जोड़ लिया। मैं उम्मीद करता हूं कि ये फिल्म पूरे भारत का मनोरंजन करने में कामयाब रहेगी और यही वह बात है जिसके जरिए हम बाला में जो कुछ कहना चाह रहे हैं उसका असर होगा और हम सामाजिक सोच की दिशा बदल सकेंगे।'
बाला' फिल्म को भारत में तीन हजार और ओवरसीज में 550 स्क्रीन्स पर रिलीज किया है। यानी कि वर्ल्डवाइड यह फिल्म कुल 3550 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। इतनी ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होने वाली आयुष्मान की यह पहली फिल्म है। 'बाला' में आयुष्मान खुराना के अलावा भूमि पेडनेकर (Bhumi Pednekar), यामी गौतम (Yami Gautam), सीमा पाहवा और सौरभ शुक्ला हैं। इस फिल्म के निर्देशक अमर कौशिक हैं जबकि निर्माता दिनेश विजन हैं।

























