अक्षय कुमार की जिंदगी के कुछ किस्से
अक्षय कुमार जिनका असली नाम राजीव हरिओम भाटिया है, एक मशहूर फिल्म अभिनेता होने के साथ साथ वे निर्माता और मार्शल आर्टस में भी पारंगत हैं। प्यार से लोग उन्हें ‘अक्की’ भी कहते हैं। अक्षय कुमार ने 125 से ऊपर फिल्मों में काम किया है। उन्हें कई बार उनकी फिल्मों के लिए फिल्मफेयर अवार्डस में नामांकित किया गया है जिसमें से दो बार उन्होंने यह पुरस्कार जीता हैै। ‘खिलाडि़यों के खिलाड़ी’ नाम से मशहूर अक्षय अपनी फिल्मों में ज्यादातर स्टंट स्वयं ही करते हैं।
राजेश खन्ना के स्टूडियो गए थे काम मांगने
बात 1990 के आसपास की है। राजेश खन्ना ने ‘जय शिव शंकर’ फिल्म बनाने की घोषणा की और उसमें बतौर हीरोइन डिम्पल कपाड़िया को लेकर सबको चौंका दिया। डिम्पल और राजेश की राहें उस वक्त जुदा हो चुकी थी। फिल्म में जीतेंद्र को भी लिया गया और एक युवा हीरो की तलाश थी। यह बात अक्षय कुमार को पता चली, जो उन दिनों निर्माताओं और स्टुडियो के चक्कर काटा करते थे ताकि उन्हें किसी फिल्म में काम मिले। वे राजेश खन्ना से ‘जय शिव शंकर में काम मांगने के लिए उनके दफ्तर पहुंचे।
काका अपने केबिन में थे और काम मांगने आए कुछ नौजवानों से मिल रहे थे। अक्षय तीन-चार घंटे तक बैठे रहे और उनका नंबर नहीं आया। आखिर में उन्हें बताया गया कि अब राजेश खन्ना नहीं मिलेंगे। मायूस होकर अक्षय लौटने लगे। उन्होंने उस दिन सोचा भी नहीं था कि जो इंसान आज उनसे मिला नहीं, उसी के वे एक दिन दामाद बनेंगे।
शादी की भी है एक अलग कहानी
अपनी रियल लाइफ में अक्षय एक जिम्मेदार बेटे, भाई, पति और पिता के रूप में नजर आते हैं। 1991 में आई फिल्म 'सौगंध' उनकी डेब्यू मूवी थी। अक्षय ने टि्वंकल खन्ना से शादी की है। एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय ने बताया था कि उनकी और ट्विंकल की पहली मुलाकात फिल्मफेयर के एक फोटोशूट के दौरान हुई थी। अक्षय को ट्विंकल देखते ही पसंद आ गई थीं।
फिल्म इंटरनेशनल खिलाड़ी की शूटिंग के दौरान दोनों का प्यार परवान चढ़ा। एक इंटरव्यू में ट्विंकल ने बताया था कि जब उन्होंने अक्षय को डेट करना शुरू किया तब वह एक लंबे रिलेशनशिप से बाहर निकली थीं और किसी के साथ कुछ दिनों के लिए एन्जॉय करना चाहती थीं। ट्विंकल ने कहा कि उस समय अक्षय कैलगरी में एक फिल्म की आउटडोर शूटिंग कर रहे थे जिसका शेड्यूल 15 दिनों का था। उनकी किताबें खत्म हो गई थीं और टीवी भी नहीं था इसलिए उन्होंने तय किया कि आउटडोर शूटिंग खत्म होने तक वह अक्षय के साथ एंजॉय करेंगी। लेकिन दोनों के बीच का एंजॉयमेंट कब प्यार में बदल गया ये ट्विंकल को भी नहीं पता चला। आपको जानकर हैरानी होगी कि ट्विंकल खन्ना की सगाई दो बार हुई थी। उन्होंने दोनों ही बार अक्षय से सगाई की थी।
























