बिग बॉस के कुछ टास्क देखकर दर्शक चैनल बदलने पर मजबूर क्यों हो रहे हैं?
हर साल Bigg Boss में जो बाद में होता था वो इस बार पहले हफ्ते में ही दिखाई दे रहा है | कोई आश्चर्य नहीं क्योंकि इस बार को शो फास्ट फॉर्वर्ड में चल रहा है | जो बायोलॉजी और केमेस्ट्री कुछ हफ्तों बाद दिखाई देती थी वो पहले ही हफ्ते में दिख रही है | और इसीलिए दर्शक अभी से ही भड़के हुए हैं कि शो का स्तर गिर रहा है | Bigg boss Premiere में जब सलमान खान शो के कंटेस्टेंट्स से परिचय करवा रहे थे तो इस बात के संकेत मिल गए थे कि शो में इस बार फ्लर्टिंग, प्यार-मुहब्बत, love triangle और इसी तरह की चीजें दिखेंगी | असीम रियाज और पारस छाबड़ा ने तो अपने हाव-भाव से ही बता दिया थी कि वो प्लेबॉय की छवि रखते हैं | वहीं दलजीत कौर ने भी आते ही बता दिया कि शो पर प्यार की तलाश में आई हैं | सलमान खान ने तो पहले ही बता दिया था कि सीजन 13 होगा 'टेढ़ा' | और इलीलिए जब सदस्यों को दिए गए BFF की फुल फॉर्म पता चली तो होश उड़ गए थे | BFF यानी 'Bed friend forever' | इसमें दो दोस्तों को एक साथ एक ही बेड शेयर करना है | हां देश कितना फॉर्वर्ड हो रहा है वो ये देखकर समझा जा सकता है | लेकिन पहले दिन शो देखने बैठे बूढे-बुजुर्गों के ये बात काफी असंस्कारी लगी |
अमीषा पटेल घर की मालकिन के तौर पर घर में जब पहली बार आईं तो उन्होंने एक टास्क में घर के पुरुष सदस्यों के कपड़े उतरवा दिए और महिला सदस्यों से उनके शरीर पर कमेंट ल्खने के लिए कहा गया | लड़कियों को भले ही लड़कों की बॉडी देखने में मजा आ रहा हो, लेकिन ये उतना भी अच्छा नहीं दिख रहा था | उसी दिन राशन के लिए अमीषा पटेल ने ऐसा टास्क दिया कि सदस्यों को राशन अपने मुंह से एक दूसरे के मुंह में देना था | TRP बढ़ाने के लिए तो एक किस ही काफी होता है, लेकिन यहां तो उससे भी ज्यादा अजीब दिख रहा था | बड़ा सामान एक दूसरे के मुंह में दिया जा सकता था लेकिन अंडा और टमाटर जैसे छोटे सामान जब मुंह से मुंह में दिए गए तो दर्शकों के मुंह से सिर्फ 'छी...' निकला | यहां ये बता दें कि इन दर्शकों में सिर्फ 18 साल से ऊपर के वयस्क नहीं बल्कि बच्चे और किशोर भी थे |
जिस तरह हम बिगबॉस की नस-नस से वाकिफ हैं, उसी तरह bigg boss भी लोगों की रग-रग पहचानता है | उसे पता है कि दर्शक क्या देखना चाहते हैं | और वही वो दिखा रहा है | बाबा का चोला ओढे स्वामी ओम को सबने नीचे गिरता देखा, वो बहुत गंदा था लेकिन सबने देखा | अनूप जलोटा और जसलीन मथारू के संबंधों पर उंगलियां तो खूब उठीं, लेकिन सबने देखा | Swimming pool में बिकनी पहने कटेस्टेंट्स को खूब ही देखा गया, और सनी लियोनी के पोल डांस के बारे में क्या कहें उसने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे | सब बर्दाश्त कर लिया, लेकिन और कितना ??



