पिछले चुनाव से अब तक इतनी बढ़ी केजरीवाल की संपत्ति
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली सीट से नामांकन दाखिल कराया। उन्होंने एफिडेविट में अपनी कुल संपत्ति 3.40 करोड़ बताई है। बीते पांच सालों में केजरीवाल की संपत्ति में 50 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।
वर्ष 2015 के चुनाव में इनकी कुल संपत्ति 2.10 करोड़ रुपये थी, जिसमें 1.03 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। सीएम के पास 9.65 लाख रुपये की एफडी और नकद राशि हैं। इसमें 1 करोड़ रुपये की संपत्ति पत्नी सुनीता केजरीवाल के नाम है। सुनीता के पास 57 लाख रुपये की नकदी व एफडी हैं। कुछ ही समय पहले सुनीता केजरीवाल ने सरकारी नौकरी से वीआरएस लिया था, जिसके बाद उन्हें 32 लाख रुपये मिले थे। केजरीवाल की कुल संपत्ति 2015 में 2.10 करोड़ रुपये थी वह अब 2020 में 3.40 करोड़ रुपये हो गयी है।
नामांकन के आखिरी दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पर्चा भरने के कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब छह घंटे के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से नामांकन दाखिल करने में सफल रहे। दोपहर 12:30 बजे परिवार के साथ जामनगर हाउस स्थित निर्वाचन कार्यालय पहुंचे सीएम को टोकन नंबर 45 मिला था, लेकिन सीधे केंद्र में प्रवेश देने पर वहां पहले से अपनी बारी का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद केजरीवाल को वेटिंग रूम में इंतजार करना पड़ा। शाम 6:30 बजे वह नामांकन कर सके।
दरअसल, एक दिन पहले सोमवार को भी मुख्यमंत्री नामांकन दाखिल नहीं कर सके थे। रोड शो में भारी भीड़ की वजह से वह दोपहर तीन बजे तक जामनगर हाउस नहीं पहुंच सके थे।


