दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड में हल्का इजाफा हुआ
दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत पूरे उत्तर भारत (North India) का मौसम (Weather) खराब हो गया है | पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश (Rain) से दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में भी ठंड में हल्का इजाफा हुआ है | वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी का दौर जारी है | कोहरे की वजह से कई ट्रेनें अपने तय समय से देरी से पहुंच रही हैं | दिल्ली और NCR के आसमान पर कोहरा छाया हुआ है, इससे विजिबिलिटी कम होने से लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है | भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही तापमान में गिरावट और बारिश की संभावना जताई थी | पिछले सप्ताह से लगातार कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर भी दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों के तापमान पर देखा गया है | भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिखाई दे रहा है | बारिश के चलते राजधानी में ठंड बढ़ने और तापमान में कमी आ सकती है |

19 जनवरी तक रुक-रुक बारिश होने की संभावना के चलते मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है | शनिवार सुबह राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा | वहीं न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया | जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग इलाके में मुख्य प्रदूषक का स्तर 179 में पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर 163 है | मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले दो सप्ताह के दौरान सिर्फ तीन दिन (21 से 23 जनवरी) को छोड़ सर्दी की मौजूदा स्थिति बरकरार रहने की संभावना जताई है | विभाग ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में और बारिश होने का अनुमान जताया है |


