आईफा अवॉर्ड्स में इस मूवी को मिला बेस्ट फिल्म का पुरस्कार
20वें द इंटरनेशन इंडियन फिल्म अकेडमी अवॉर्ड्स (IIFA Awards 2019) का आगाज जितने शानदार रहा, उसका अंजाम भी सितारों की चमक-धमक के साथ रहा | आलिया भट्ट (Alia Bhatt) , रणवीर सिंह (Ranveer Singh), आदिति राव हैदरी (Aditi Rao Hydari), इशान खट्टर, सारा अली खान जैसे कई सितारों ने अवॉर्ड जीते | इस साल हुए आईफा अवॉर्ड्स में बेस्ट फिल्म का पुरस्कार आलिया भट्ट और विक्की कौशल की फिल्म 'राजी' को मिला | इस फिल्म में आलिया ने एक जासूस की भूमिका निभाई थी, जो देश के लिए पाकिस्तान में जाकर जासूसी करती है | अपने इस किरदार के लिए आलिया भट्ट को इस साल का बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला | वहीं रणवीर सिंह को फिल्म 'पद्मावत' में अपने अलाउद्दीन खिलजी के किरदार के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड दिया गया | बता दें कि इस बार आयुष्मान खुराना की ही फिल्म 'अंधाधुन' को सबसे ज्यादा, 13 नोमिनेशन मिले थे |
जबकि वहीं निर्देशक मेघना गुलजार की 'राजी' और संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' को 10 नोमिनेशन मिले थे | वहीं रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'संजू' को 7 नोमिनेशन मिले | इस साल बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड आयुष्मान खुराना की फिल्म 'अंधाधुन' के निर्देशक श्रीराम राघवन को मिला | वहीं एक्टर विक्की कौशन को फिल्म 'संजू' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार दिया गया | जबकि फीमेल केटेगिरी में यह पुरस्कार 'पद्मावत' की अदिति राव हैदरी को मिला | दीपिका पादुकोण को स्पेशल अवॉर्ड दिया गया | एक्ट्रेस सारा अली खान को उनकी फिल्म 'केदारनाथ' के लिए बेस्ट डेब्युटेंट का अवॉर्ड मिला जबकि मेल केटेगिरी में यही पुरस्कार 'धड़क' के लिए ईशान खट्टर को दिया गया | आईफा अवॉर्ड्स नाइट मुंबई के नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (NSCI) में आयोजित की गई | यहां रेड कारपेट पर दीपिका पादुकोण, सलमान खान, रणवीर सिंह, आलिया भट्, माधुरी दीक्षित, कैटरीना कैफ जैसे कई सितारे अपनी चमक बिखेरते नजर आए | अपने 20 सालों के इतिहास में यह पहला मौका था जब यह अवॉर्ड फंक्शन भारत में हुए |


