एक्वामैन के कैरेक्टर पर बेस्ड पहली फुल लैंथ फिल्म
डीसी कॉमिक्स के कैरेक्टर एक्वामैन पर बेस्ड फिल्म यूएस से एक हफ्ते पहले ही भारत में रिलीज हो गई है। जेम्स वॉन के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक्वामैन के कैरेक्टर पर बेस्ड पहली फुल लैंथ फिल्म है। इससे पहले दर्शकों ने इस कैरेक्टर को बैटमैन वर्सेज सुपरमैन: डॉन ऑफ जस्टिस, सुसाइड स्क्वाड और जस्टिस लीग में कैमियो करते देखा था। भारत में भी फिल्म की रिलीज डेट पहले 21 दिसंबर ही थी, जिसे बाद में बदलकर 14 दिसंबर कर दिया गया था। माना जा रहा है कि इसका कारण शाहरुख स्टारर फिल्म जीरो है, जिससे क्लैश होने से बचने के लिए एक्वामैन की रिलीज डेट प्रीपोन की गई।
कहानी- फिल्म आधे इंसान और आधे अटलांटियन आर्थर करी(जेसन मोमोआ) की कहानी है, जिसकी मां अटलांटिस की रानी है और पिता एक आम इंसान। अपने देश से भागी रानी एटलाना(निकोल किडमैन)एक तूफान में फंस जाती है। लाइट हॉउस का गार्ड थॉमस करी उसकी जान बचाता है और दोनों में प्यार हो जाता है। दोनों का बच्चा आर्थर पैदा होता है, जिसमें अद्भुत शक्तियां है। अटलांटिस के राजा को जब एटलाना की खबर मिलती है तो वह अपने सैनिक भेजता है। अपने बच्चे और थॉमस की सलामती के लिए एटलाना बच्चे को धरती पर ही छोड़कर अपने देश लौट जाती है। एटलाना का सलाहकार वुल्को आर्थर की देख-भाल करता है और उसे एक योद्धा की तरह तैयार करता है। कई साल बाद राजकुमारी मीरा(एम्बर हर्ड) आर्थर को खोजकर उसे बताती है कि आर्थर का सौतेला भाई ओर्म(पैट्रिक विल्सन)धरती के लिए एक बड़ा खतरा बनकर उभर रहा है, और आर्थर को, जो कि असलियत में अटलांटिस का वारिस है, अपनी जिम्मेदारी का एहसास दिलाती है। इसके बाद शुरु होती है सफर एक्वामैन के बनने और दो दुनिया के बीच फंसे उसके अस्तित्व का। फिल्म में समुद्र की दुनिया को वीएफएक्स के जरिए जीवंत बनाया गया है। समुद्र की खूबसूरत दुनिया और पानी के अंदर युद्ध के दृश्य फिल्म में एडवेंचर पैदा करते हैं। आम लोगों के बीच रह रहे इंसान के सुपरहीरो बनने की इंट्रस्टिंग कहानी के बीच जेम्स वॉन ने समुद्र में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे को भी छुआ है। फिल्म की कहानी में यह सोशल इशु अलग से घुसाया हुआ नहीं लगता, बल्कि फिल्म का ही हिस्सा बन जाता है। सिनेमैटोग्राफी जबरदस्त है, और डीटेलिंग को छोड़ दें तो वीएफएक्स एकदम असली एहसास देता है। फिल्म 3 डी में देखना बेहतर अनुभव देगा।
मेधज न्यूज़ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक करें। आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं।
...























