भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ के लिए आवेदनों का दौर जारी
भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ के लिए आवेदनों का दौर जारी है | इसके तहत मुख्य कोच पद की होड़ में अब न्यूजीलैंड के पूर्व कोच माइक हेसन का नाम भी जुड़ता नजर आ रहा है | माइक हेसन इस पद के लिए आवेदन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं | रिपोर्ट के अनुसार, हेसन ने इस पद के लिए अपनी दिलचस्पी जाहिर की है | हेसन को न्यूजीलैंड के क्रिकेट इतिहास का सबसे कामयाब कोच माना जाता है | टीम को 2015 के वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचाने का श्रेय भी इसी कोच को जाता है | माइक हेसन करीब 6 साल तक न्यूजीलैंड के कोच रहे | उन्होंने 2018 में अपने पद से इस्तीफा दिया था | उन्होंने इसी साल कोचिंग के क्षेत्र में फिर से वापसी की थी | इस साल उन्हें आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम का कोच बनाया गया था | रिपोर्ट के अनुसार, हेसन आवेदन से जुड़े नियम और शर्तों का बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं | उम्मीद है कि वे जल्द ही अपना आवेदन बीसीसीआई को भेज देंगे | सूत्रों के अनुसार, हेसन आईपीएल के दौरान कुछ महीने भारत में गुजार चुके हैं और उन्हें टीम इंडिया के साथ काम करके खुशी होगी | न्यूजीलैंड के साथ छह साल के कार्यकाल में उनके काम की काफी तारीफ हुई थी | हेसन ने तब तत्कालीन कप्तान ब्रेंडन मैकुलम को पूरी आजादी दी हुई थी और इस दौरान हेसन के आक्रामक रवैये की सभी ने प्रशंसा की थी, जिसकी वजह से न्यूजीलैंड का खेल बिल्कुल बदल गया था | यहां तक कि मौजूदा कप्तान केन विलियमसन ने भी मैकुलम के बाद कप्तानी संभालते वक्त हेसन की तारीफ की थी |







