सौरव गांगुली ने विंडीज दौरे के लिए चुनी गई टीम को लेकर सेलेक्टर्स पर उठाए सवाल
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए चुनी गई वनडे टीम को लेकर बीसीसीआइ से सवाल किया है। सौरव गांगुली ने बुधवार को कहा है कि वे हैरान हैं कि टॉप ऑर्डर बैट्समैन शुभमन गिल और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया है। टीम इंडिया को तीन अगस्त से शुरू होने वाले विंडीज दौरे पर तीन वन-डे, तीन टी 20 और दो टेस्ट खेलने हैं। शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज दौरे पर इंडिया ए के लिए सबसे अधिक रन बनाए हैं। उन्हें इस टीम में जगह नहीं मिली, जबकि रहाणे को सिर्फ टेस्ट सीरीज के लिए शामिल किया गया है।
एक ट्वीट में सौरव गांगुली ने लिखा है - इस टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो तीनों फॉर्मेट में खेल सकते हैं, हैरान हूं कि शुभमन गिल और अंजिक्य रहाणे को वनडे टीम में नहीं चुना गया। सौरव गांगुली ने मांग की है कि सलेक्टर्स ऐसे खिलाड़ियों को चुनें जो तीन फॉर्मेट खेलकर आत्मविश्वास और लय हासिल कर सकें। एक दूसरे ट्वीट में सौरव गांगुली ने लिखा है - समय आ गया है कि अब भारतीय सलेक्टर्स ऐसे खिलाड़ियों को टीम में चुने जो तीनों फॉर्मेट में खेलकर आत्मविश्वास और अपनी लय हासिल कर सकें। कुछ ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं। महान टीम के लिए निरंतरता वाले खिलाड़ियों की जरूरत होती है। ये सभी को खुश नहीं कर सकती, लेकिन देश के लिए अच्छे खिलाड़ी चुनने में निरंतरता बरतनी चाहिए।







