गेल के तूफान से घबराया असली तूफान
यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आखिर क्यों उन्हें बॉस कहा जाता है | ग्लोबल टी20 कनाडा लीग में उन्होंने जो पारी खेली, उससे बाद मौसम ही खराब हो गया | वैंकूवर नाइट्स की ओर खेलते हुए उन्होंने मॉन्ट्रियल टाइगर्स के खिलाफ सिर्फ 54 गेंदों में ही 122 रन पर ठाेंक डाले | अपनी इस पारी में उन्होंने 12 छक्के लगाए | गेल नाबाद रहे और उनकी इस बल्लेबाजी के दम पर वैंकूवर नाइट ने तीन विकेट के नुकसान पर 276 रन बनाए, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सर्वाधिक स्कोर है | इतना बड़ा लक्ष्य देने के बावजूद टीम जीत हासिल नहीं कर पाई |
दरअसल मौसम खराब होने के कारण टाइगर्स को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला और मैच रद्द कर दिया गया | दोनों टीमों को एक- एक अंक दिया गया | अर्धशतक जड़ने से पहले तक गेल उतने आक्रामक नहीं हुए थे, जिसके लिए वह जाने जाते हैं | छक्का लगाकर उन्होंने 28 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर इसके बाद उन्होंने शतक तक पहुंचने के लिए सिर्फ 19 गेंदों का और सहारा लिया | 47 गेंदों पर उन्होंने शतक जड़ा | गेल के अलावा वान दर दुसान ने 25 गेंदों पर 56 रन की पारी खेली | जिसमें उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के लगाए | वहीं टोबियास विसे ने 19 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली | टोबियास ने 11 चौके और एक छक्का लगाकर मात्र 18 गेंदों पर ही अर्धशतक जड़ दिया था |























