धोनी की सेना ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से मात दी
आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने एक बार फिर गजब का खेल दिखाते हुए 12वें सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की | धोनी की सेना ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से मात दी | चेन्नई के लिए वॉटसन ने 26 गेंदों में 44, रैना ने 16 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली | धोनी ने नाबाद 32 रन बनाए | वहीं जाधव ने 27 रन की पारी खेली | इससे पहले दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी का फैसला किया | चेन्नई को दिल्ली कैपिटल्स ने दिया 148 रनों का लक्ष्य दिया | दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 147 रन बनाए | धवन ने 45 गेंदों में अर्धशतक लगाया वो 51 रन पर आउट हुए | ड्वेन ब्रावो ने 3 विकेट लिए |
दिल्ली के कप्तान श्रेयस अययर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी जो मुंबई इंडियंस के खिलाफ सात रन पर ही आउट हो गए थे। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट भी खेले। उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में शार्दुल ठाकुर पर लगातार तीन चौके लगाए। इसके अलावा उन्होंने हरभजन के ओवर में हिम्मत दिखाते हुए क्रीज से बाहर आकर चौका भी जड़ा। लग रहा था कि वह पिछले मैच की कसक को यहां पूरा करेंगे, लेकिन वह चौका लगाने की कोशिश में दीपक चाहर (1/20) की गेंद पर शेन वॉटसन को कैच दे बैठे। दिल्ली ने पावरप्ले के छह ओवर में एक विकेट पर 43 रन बनाए। चेन्नई के गेंदबाजों ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को ज्यादा खुलकर नहीं खेलने दिया और टीम 50 रन 45 गेंदों में बना पाई। धौनी ने अपने स्पिनरों रवींद्र जडेजा और इमरान ताहिर को लगाया। ताहिर ने जल्द ही श्रेयस (18) को एलबीडब्ल्यू आउट करके पवेलियन भेज दिया। इसके बाद पंत क्रीज पर आए। इस समय टीम का स्कोर दो विकेट पर 79 रन था। दिल्ली को एक बार फिर पंत से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन उनके युवा जोश पर धौनी का चतुर दिमाग भारी पड़ा। पंत को रोकने के लिए धौनी ने अपने मुख्य स्पिनर हरभजन सिंह का एक, जडेजा के दो और ताहिर के दो ओवर यानी कुल पांच ओवर बचा कर रखे थे। साथ ही धौनी ने ड्वेन ब्रावो को दूसरी साइड से लगाना शुरू किया और उनके ओवर की पहली गेंद ही पंत के बल्ले का किनारा लेकर गई, लेकिन गेंद धौनी से दूर थी और वह इस मुश्किल मौके को भुना नहीं पाए। इस दौरान, धवन ने ब्रावो की गेंद पर ऑफ साइड में चौका लगाकर टीम के 100 रन पूरे किए। 14 ओवर में दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 108 रन था। इस दौरान पंत ने हरभजन के आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अपने हाथ खोलने की कोशिश की। पंत को लेग साइड पर शॉट खेलना ज्यादा पसंद है और मुंबई के खिलाफ पंत ने ज्यादा रन शॉट पिच गेंदों पर लेग साइड में ही बनाए थे। इसी का देखते हुए धौनी ने उनके लिए वहां तीन खिलाडि़यों को सीमा रेखा के पास लगा रखा था। पंत ने ब्रावो की गेंद पर छक्का उड़ाने की कोशिश में अच्छा शॉट खेला, लेकिन शार्दुल ने उनका बेहतरीन कैप लपककर अपनी टीम को बड़ा विकेट दिलाया। पंत ने 13 गेंदों में 25 रन बनाए। इस मैच में चेन्नई के अनुभवी बल्लेबाजों ने धैर्यभरी बल्लेबाजी करते हुए इस मुकाबले को जीत लिया। चेन्नई का पहला विकेट अंबाती रायुडू के तौर पर गिरा और वो पांच रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वॉटसन ने 26 गेंदों पर 44 रन की अच्छी पारी खेलते हुए टीम को जीत के रास्ते पर ला दिया। वो मिश्रा की गेंद पर पंत के हाथों कैच आउट हुए। रैना ने भी अच्छे हाथ दिखाए और 16 गेंदों पर 30 रन बना दिए। केदार जाधव 27 रन बनाकर आउट हो गए उसके बाद धौनी ने नाबाद 32 रन और ब्रावो ने नाबाद 4 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।


