चेन्नै सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मुकाबला आज
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में शनिवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 4 बजे से चेन्नई सुपरकिंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। चिदंबरम स्टेडियम पर पंजाब को पिछली जीत 2012 में मिली थी। उसके बाद उसने यहां दो मैच खेले। उसे दोनों में हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 19 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 11 में चेन्नई और 8 में पंजाब की टीम विजेता बनी। पिछले पांच मुकाबलों की बात की जाए तो चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है। उसने चार मैच अपने नाम किए। वहीं, एक में उसे हार का सामना करना पड़ा।चेन्नई ने पिछले चार में से तीन मुकाबले जीत तो लिए, लेकिन टीम के लिए ओपनर्स का फॉर्म में नहीं होना चिंता का कारण बना हुआ है। अंबाती रायडू चार मैच में 8.50 की औसत से 34 रन ही बना पाए हैं।
शेन वॉटसन ने इतने ही मुकाबलों में 15.50 की औसत से 62 रन बनाए हैं। माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन रायडू की जगह मुरली विजय को मौका दे सकती है। चेन्नै के पास अनुभवी स्पिनर हैं जबकि पंजाब में स्पिन आक्रमण की अगुवाई खुद अश्विन कर रहे हैं। उसके स्पिन गेंदबाजों में मुजीब उर रहमान, लेग स्पिनर एम अश्विन और सीवी वरुण हैं। मेजबान गेंदबाजों की चिंता का सबब क्रिस गेल की बल्लेबाजी होगी जो एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नहीं खेले थे। गेल पिछले मैच में बाहर रहे लेकिन के एल राहुल और मयंक अग्रवाल ने उम्दा प्रदर्शन किया। वह फिलहाल फिट हैं और चेन्नै के खिलाफ वापसी कर सकते हैं।धोनी को अपने गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। चेन्नै की टीम मोहित शर्मा या शरदुल ठाकुर की जगह अतिरिक्त स्पिनर उतार सकती है। पहले चेन्नै टीम का हिस्सा रहे अश्विन अपनी पूर्व टीम के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करना जरूर चाहेंगे।


