भारत के लिए सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने मोहम्मद शमी
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वन-डे में अपने लिए और देश के लिए एक विशेष उपलब्धि हासिल की। शमी ने नेपियर के पहले मैच में मार्टिन गप्टिल को क्लीन बोल्ड करके अपने 100 वन-डे विकेट पूरे किए। मोहम्मद शमी वन-डे क्रिकेट में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अपने करियर के 56वें मैच में यह कारनामा कर दिखाया।
भारत के तेज गेंदबाज शमी ने भारतीय टीम के तेज गेंदबाज इरफान पठान का रिकॉर्ड तोड़ा। पठान ने 59 वन-डे मैचों में 100 विकेट लिए थे। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान वन-डे में सबसे जल्दी 100 विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 65 वन-डे में 100 विकेट पूरे किए थे। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजित अगरकर और जवागल श्रीनाथ क्रमश: चौथे व पांचवें स्थान पर काबिज हैं। अगरकर ने 67 जबकि श्रीनाथ ने 68 मैचों में 100 वन-डे विकेट पूरे किए थे।



