US open में नडाल ने मारी बाज़ी, जीता 19वां ग्रैंड स्लैम ख़िताब
राफेल नडाल ने US Open के फाइनल में मेदवेदेव को हराकर 19वां ग्रैंड स्लैम अपने नाम कर लिया है। वह इस साल दूसरा ग्रैंड स्लैम अवार्ड जीते है। इससे पहले French Open भी उन्होंने ही जीता था। नडाल ने पांच घंटे तक चले यूएस ओपन (US Open) के फाइनल में मेदवेदेव को 7-5, 6-3, 5-7, 4-6, 6-4 से मात दी। नडाल का ये चौथा यूएस ओपन खिताब है।
यूएस ओपन में अपना छठा फाइनल खेल रहे 33 साल के नडाल अब सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में स्विट्जरलैंड के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर (Roger Federer) के काफी करीब आ गए हैं। रोजर फेडरर ने 20 ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं, जबकि नडाल ने 19 ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किए हैं। स्पेन के राफेल नडाल यूएस (Rafael Nadal) ओपन जीतने वाले दूसरे सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 33 साल की उम्र में यह खिताब जीता है, जबकि 1970 में ऑस्ट्रेलिया के केन रोजवाल ने 35 साल की उम्र में यह ख़िताब जीता था।
राफेल नडाल (Rafael Nadal) के खिलाफ यूएस ओपन फाइनल में कड़ा मुकाबला खेलने वाले दानिल मेदवेदेव (Daniil Medvedev) अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत एटीपी रैंकिंग में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। शीर्ष तीन स्थानों पर बिग थ्री यानी राफेल नडाल, रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ने कब्जा जमा रखा है। सेमीफाइनल मुकाबले में पांचवीं रैंकिंग मेदवेदेव ने 78वीं रैंकिंग बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को 7-6, 6-4, 6-3 से पराजित किया और पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी।

